द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बालोद जिले के अर्जुंदा तहसील अंतर्गत ग्राम परसतराई में दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज के 53 वें वार्षिक अधिवेशन स्थल पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्पार्पण व माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीर शिरोमणि छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महान शासक और योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने छ्त्रपति शिवाजी महाराज के साहस और पराक्रम को याद करते हुए कहा कि शिवाजी महाराज को स्मरण करते समय हमेशा एक आत्मविश्वास और शौर्यता से भरे व्यक्तित्व की तस्वीर उभरती है।
दिल्लीवार कुर्मी समाज के अधिवेशन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का ठेठरी-खुरमी व्यंजन से तुलादान किया गया। अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए सीएम ने कहा कि दिल्लीवार समाज हमेशा से कृषि के क्षेत्र में अपना योगदान देता आया है। इस वर्ष हमने रिकार्ड 107 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की है। किसानों को लगभग 22 हजार करोड़ रुपए का भुगतान किया गया।
सीएम ने कहा कि नई उद्योग नीति की तरह ही रीपा के लिए कल कैबिनेट बैठक में नई नीति घोषित करेंगे। अब बड़े-बड़े उद्योगपतियों की तरह ही हमारे गांव की बहनें, युवा भी रीपा में गोठान में अपना कारोबार चला कर आमदनी उठा रहे है। गोबर से विद्युत, पेंट सहित कई उपयोगी सामान बना रहे है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर अनेक घोषणाएं करते हुए सामाजिक भवन व विभिन्न निर्माण कार्य के लिए 1 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की। मुक्ति धाम पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा के साथ ही जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा गुण्डरदेही में खोलने की घोषणा भी की। इस दौरान सीएम भूपेश बघेल का दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज के लोगों द्वारा गजमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर संसदीय सचिव गुण्डरदेही विधानसभा के विधायक कुंवर सिंह निषाद, विधायक संगीता सिन्हा, श्रम कल्याण बोर्ड छत्तीसगढ़ शासन के उपाध्यक्ष केशव बंटी हरमुख, कृषि उपज मंडी बालोद के अध्यक्ष भोलाराम देशमुख, जिला पंचायत के अध्यक्ष सोनादेही देशलहरा, दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ राजेंद्र हरमुख, वरिष्ठ समाजसेवी हरदेव दिल्लीवार, समाज संरक्षक राम सहाय देशमुख, महिला समिति अध्यक्ष प्रीति देशमुख, युवा समिति अध्यक्ष योगेश्वर देशमुख, महामंत्री अशोक कुमार देशमुख उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

