दुर्ग। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान दुर्ग सर्किट हाउस में देर शाम विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों नेे चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं और मांगों को रखा। मुख्यमंत्री ने अनेक सामाजिक संगठनों को भवन निर्माण के लिए मौके पर ही स्वीकृति प्रदान की।
सरयू यादव समाज के अध्यक्ष बोधन यादव ने गोधन न्याय योजना शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर वन मंत्री मोहम्मद अकबर, विधायक अरूण वोरा, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ राज्य मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अलताफ अहमद, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान तंबोली समाज को दुर्ग में 5000 वर्गफीट जमीन आबंटित करने और भवन के लिए 20 लाख रुपए, ढीमर समाज को नगपुरा में जमीन आबंटित करने और शेड के लिए 50 लाख रुपए, देवांगन समाज को गया नगर के सामाजिक भवन के उन्नयन के लिए 25 लाख रुपए, चंद्राकर समाज को भवन संधारण के लिए 10 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई। मुख्यमंत्री ने जन समर्पण सेवा समिति को 5 लाख रुपए स्वेच्छानुदान देने की घोषणा की और कौशिक नाई समाज की मांग पर उन्हें रीपा में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों को साहू समाज को जमीन आबंटित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रजक समाज से पहले जमीन का रजिस्ट्रेशन कराने कहा। उन्होंने बौद्ध समाज, डॉ. अंबेडकर नगर विकास समिति के अंबेडकर सांस्कृतिक भवन के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मुस्लिम सांस्कृतिक ट्रस्ट को कब्रिस्तान में बाउंड्री, ईदगाह मैदान बनाने 50 लाख रुपए की स्वीकृति दी। उन्होंने दुर्ग सिख समाज को गुरूद्वारे के उन्नयन हेतु 20 लाख रुपए की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने देवांगन समाज की मांग पर झाड़ूराम देवांगन हाईस्कूल के प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण और गेट निर्माण करने कलेक्टर को निर्देशित किया। बौद्ध समाज द्वारा 14 अप्रैल को राजधानी रायपुर में आयोजित बाबा साहेब अंबेडकर जयंती कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया। निषाद समाज ने भी जिला स्तरीय वार्षिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



