द सीजी न्यूज
बेमेतरा जिले के बिरमपुर गांव में शनिवार दोपहर दो समुदाय के युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद वहां पहुंचे साजा थाने के सब इंस्पेक्टर बीआर ठाकुर पर भी भीड़ ने हमला कर दिया। कुछ वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए जिले में धारा 144 लगा दी गई है। आसपास के जिलों से पुलिस बल भेजा जा रहा है।
बिरमपुर में कुछ महीने पहले एक समुदाय की दो-तीन लड़कियों ने दूसरे समुदाय के लड़कों से विवाह किया था। उस वक्त भी इस बात पर झगड़ा हुआ था। बाद में झगड़ा शांत हो गया, लेकिन गांव के लोग दो पक्षों में बंट गए। शनिवार दोपहर को इसी तरह की बात को लेकर युवकों के दो गुटों में बहस हुई। बहस इतनी बढ़ी कि दोनों तरफ से समाज के लोग लाठी-डंडे व हथियार लेकर आ गए। एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में दोनों समुदाय के कई लोग घायल हुए हैं।
बिरमपुर में साहू समाज की आबादी ज्यादा है, लिहाजा जिले भर के साहू समाज के पदाधिकारी गांव पहुंच चुके हैं। दरअसल कुछ दिनों पूर्व साहू समाज की ओर से बिरमपुर गांव में दूसरे समाज में शादी नहीं करने को लेकर एक जागरूकता अभियान चलाया गया था। इसके बाद गांव में लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
एसपी-कलेक्टर मौके पर मौजूद
कलेक्टर पदुम सिंह एल्मा और बेमेतरा एसपी आई कल्याण गांव पहुंच चुके हैं। एसपी आई कल्याण ने कहा कि छोटी सी बात थी, लेकिन ये दो समुदायों का विवाद कैसे बन गया, ये जांच का विषय है। सबसे पहली प्राथमिकता यहां कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने।
कलेक्टर पदुम सिंह एल्मा ने बताया कि सुबह साइकिल से गिरने को लेकर बच्चों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें बड़े भी शामिल हो गए। इसके बाद हालात बहुत बिगड़ गए। विवाद में दोनों समुदाय आपस में उलझ गए और एक पक्ष ने दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और स्थिति तनावपूर्ण न हो, इसके प्रयास किए जा रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


