Breaking News

शाबाश सानिया … आपने दुर्ग ही नहीं पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया : पिता कबाड़ बेचकर चला रहे हैं घर … बेटी दसवीं की मेरिट लिस्ट में सातवें स्थान पर …

द सीजी न्यूज

दुर्ग । शहर के आदर्श कन्या शाला स्कूल दुर्ग की छात्रा सानिया मरकाम ने उपलब्धियों का बड़ा आसमान छू लिया है। दसवीं कक्षा की छात्रा सानिया ने कुल 97.33 अंक हासिल कर मेरिट सूची में सातवां स्थान प्राप्त किया। सानिया के पिता बलराम मरकाम कबाड़ी का कार्य करते हैं। अभावों के बीच सानिया ने मेरिट लिस्ट में स्थान हासिल कर महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर लिया है। विधायक अरुण वोरा ने आज सानिया के घर पहुंचकर गुलदस्ता भेंटकर शहर की प्रतिभाशाली बेटी का सम्मान किया। वोरा ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि सानिया की उपलब्धि न सिर्फ दुर्ग शहर, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

पोलसाय पारा बस्ती में छोटे से मकान में रहने वाली सानिया के पिता ठेला लेकर रोज सुबह घर से निकलते हैं और कई मोहल्लों में घूम-घूम कर घरों से लोहे का कबाड़ या रद्दी पेपर, प्लास्टिक सहित अन्य स्क्रैप खरीदते हैं। इसे बेचकर होने वाली आमदनी से घर चलता है। कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद सानिया ने बुलंद हौसले के साथ बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। पत्रकारों से बातचीत के दौरान सानिया ने कहा कि  उसने परीक्षा की तैयारी खुद होकर की। कभी ट्यूशन नहीं पढ़ा, क्योंकि ट्यूशन पढ़ने लायक आर्थिक स्थिति नहीं है। बड़ी होकर शहर की यह नन्ही प्रतिभा कलेक्टर बनना चाहती है।

वोरा ने सानिया को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति से असंभव से असंभव कार्य को संभव किया जा सकता है। सानिया ने आर्थिक अभाव से जूझते हुए भी दसवीं बोर्ड की परीक्षा में मेरिट सूची में सातवें स्थान पर आकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर बनने के सानिया के सपने को पूरा करने के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग मिलेगा। वोरा ने सानिया को भविष्य में खूब मेहनत करने की नसीहत देते हुए ढेर सारा आशीर्वाद दिया। वोरा के साथ पार्षद मनीष बघेल, एल्डरमेन राजेश शर्मा भी मौजूद थे।        

Check Also

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर में किया विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण

विकसित भारत के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश देगा विकसित भारत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!