Breaking News

इस बार हजयात्रियों को ज्यादा रकम खर्च करना होगा : केंद्रीय मंत्री ने यात्रा को किफायती बनाने का ऐलान किया था, लेकिन हुआ उल्टा : खर्च में अप्रत्याशित वृद्धि से पूरे देश के हजयात्रियों में नाराजगी – मोहम्मद असलम खान

द सीजी न्यूज

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद असलम खान ने कहा है कि दिल्ली में हुई सभी राज्य हज कमेटियों की बैठक में केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री द्वारा हज 2023 की यात्रा को अधिक सुविधाजनक और किफायती बनाने की घोषणा की गई थी। समाचार पत्रों में हज यात्रा की रकम में 1 लाख रुपए तक की कमी होने का समाचार प्रकाशित हुआ था। लेकिन, इसके ठीक विपरीत हज यात्रा में खर्च होने वाली रकम में अप्रत्याशित वृद्धि हो गई है, जिससे देश भर के हजयात्रियों में रोष व्याप्त है।

मोहम्मद असलम खान ने कहा कि हज कमेटी ऑफ़ इंडिया मुंबई के सर्कुलर 13 अनुसार नागपुर और मुंबई इम्बार्केशन पॉइंट से जाने वाले हाजियों को लगने वाली रकम में 62,201 रुपए का अंतर है, जबकि वर्ष 2017 से 2019 तक दोनों इम्बार्केशन पॉइंट से जाने वाले हाजियों को लगने वाली रकम में लगभग 10 से 15 हज़ार रुपए तक का ही अंतर होता था। नागपुर से जाने वाले हज यात्रियों को मुंबई इम्बार्केशन पॉइंट से जाने वाले हज यात्रियों की तुलना में 62,201 ज्यादा देना होगा, जिससे उन पर अतिरिक्त व्यय भार पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि हज यात्रियों को पिछले कई वर्षो से दी जाने वाली सुविधा 2100 रियाल (लगभग 45000 रुपए ) को भी इस वर्ष से रिफंड किया जाना बंद कर दिया गया है, जिससे हाजियों को लगने वाली कुल रकम के अतिरिक्त सऊदी अरब में दैनिक व्ययों के खर्चो के लिए रियाल का इंतज़ाम भी स्वयं करना होगा।

असलम खान ने कहा कि नागपुर इम्बार्केशन पॉइंट से जाने वाले हाजियों को लगने वाली रकम में हुई अप्रत्याशित वृद्धि के मद्देनज़र केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए हाजियों को इम्बार्केशन पॉइंट बदलने की सुविधा उपलब्ध कराने  की मांग की गई है, ताकि हजयात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

Check Also

वैश्विक ऊर्जा समिट में छत्तीसगढ़ के पवेलियन का अवलोकन करेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

कुछ ही देर में भारत मंडपम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद राउंड टेबल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!