Breaking News

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में अव्यवस्था देख विधायक वोरा ने जताई चिंता : अधिकारियों से पंखा, कूलर और शीतल पेयजल सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने कहा

द सीजी न्यूज

दुर्ग। विधायक अरुण वोरा ने आज कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा और जिला रोजगार मार्गदर्शन केंद्र के अधिकारी आरके कुर्रे से केंद्र की व्यवस्था दुरुस्त करने कहा है। वोरा ने कहा कि भीषण गर्मी में रोजगार मार्गदर्शन केंद्र में पंजीयन कराने युवक-युवतियों की भारी भीड़ पहुंच रही है। युवाओं के लिए रोजगार मार्गदर्शन केंद्र के बाहर शेड, शीतल पेयजल व्यवस्था और काउंटर एरिया में कूलर पंखे के साथ ही बैठने की बेहतर व्यवस्थाएं होनी चाहिए। गर्मी के मौसम में उचित व्यवस्थाओं के अभाव में युवाओं का स्वास्थ्य खराब हो सकता है।

जिला रोजगार एवं  स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में अव्यवस्था की जानकारी मिलने पर वोरा आज सुबह यहां पहुंचे और रजिस्ट्रेशन कराने आए युवक युवतियों से बातचीत की। विधायक वोरा को जानकारी दी गई कि दसवीं और बारहवीं के रिजल्ट निकलने के बाद रजिस्ट्रेशन कराने बड़ी तादाद में रोज युवक-युवतियां पहुंच रहे हैं। यहां भीषण गर्मी और पंखा व कूलर न होने के कारण वे परेशान हैं। केंद्र के बाहर भी शेड की व्यवस्था नहीं है। वोरा से ठंडे पानी की व्यवस्था न होने की समस्या भी बताई गई। वोरा ने तत्काल रोजगार अधिकारी आरके कुर्रे को इन समस्याओं को दूर करने और व्यवस्था दुरुस्त करने कहा।

वोरा ने कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा से भी इस संबंध में चर्चा की। वोरा ने कहा कि पंजीयन कराने आए युवाओं को कई घंटे तक रोजगार केंद्र में मौजूद रहना पड़ता है। पंखा व कूलर न होने और भारी भीड़ के कारण युवाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। वोरा ने रोजगार केंद्र के बाहर छांव के लिए शेड, काउंटर के पास शीतल पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था और बैठने के लिए कुर्सी के साथ कूलर पंखा आदि की व्यवस्था करने कहा। कलेक्टर ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएगी। बाद में एसडीएम मुकेश रावटे भी रोजगार केंद्र पहुंचे और यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कहा है कि रोजगार मार्गदर्शन केंद्र की व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त की जाएगी।

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!