Breaking News

किसानों को मजबूत करने का राजीव गांधी का सपना छत्तीसगढ़ में हो रहा पूरा : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

  • भरोसे का सम्मेलन में न्याय योजनाओं की दो हजार 28 करोड़ 92 लाख रुपए की राशि हितग्राहियों के खाते में अंतरित
  • ग्राम पंचायत सांकरा, पाटन में 120 करोड़ की लागत से महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के भवन निर्माण का हुआ भूमिपूजन

द सीजी न्यूज

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर दुर्ग जिले के सांकरा में आयोजित भरोसे का सम्मेलन में महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के विभिन्न भवनों का भूमिपूजन और न्याय योजनाओं की 2 हजार 28 करोड़ 92 लाख रुपए की राशि हितग्राहियों के खाते में ट्रांसफर करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्व. राजीव गांधी को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज को मजबूत करना और कम्प्यूटर क्रांति राजीव जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आज न्याय योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों के खाते में सीधे राशि अंतरित कर हम छत्तीसगढ़ के किसानों को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

भरोसे का सम्मेलन में न्याय योजनाओं की दो हजार 28 करोड़ 92 लाख रूपए की राशि हितग्राहियों के खाते में अंतरित

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 443 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 68 करोड़ 26 लाख रूपए की लागत से तैयार हुए 17 कार्यों का लोकार्पण और 374 करोड़ 87 लाख रुपए के 71 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस मौके पर हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों को भी सामग्री वितरण किया गया।

भरोसे का सम्मेलन में न्याय योजनाओं की दो हजार 28 करोड़ 92 लाख रूपए की राशि हितग्राहियों के खाते में अंतरित

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी का कहना था कि जब तक किसान मजबूत नहीं होगा, देश की अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं होगी। हमने इस विचार को साकार करने का काम किया। कोरोना के कठिन काल में भी हमने न्याय योजनाओं की राशि किसानों के खाते में ट्रांसफर की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे देश में सबसे अच्छी स्थिति में छत्तीसगढ़ के किसान हैं। आज किसानों और मजदूरों के खाते में विभिन्न न्याय योजनाओं की 02 हजार 28 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की गई है। 24 लाख से अधिक किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की पहली किश्त भेजी गई हैं। अब तो हमने प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदने का निर्णय लिया है। हम सीधा हितग्राहियों के खाते में राशि देते हैं, ताकि उन्हें सीधा लाभ मिले। हमने 72 लाख राशन कार्ड बनाये और बिजली बिल हाफ योजना से लोगों को राहत पहुंचाई।

वनोपज संग्राहकों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। गौ माता की सेवा कर रहे हैं और जैविक खाद डालकर धरती माता की सेवा कर रहे हैं। वनोपज का वैल्यू एडीशन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने महात्मा गांधी के नाम पर उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय आरंभ करने का निर्णय लिया और 120 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस विश्वविद्यालय के विभिन्न भवनों का आज भूमिपूजन हुआ। रामायण महोत्सव का आयोजन भी कर रहे हैं और गुरू घासीदास जी से जुड़े स्थलों का विकास कर रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार स्व. राजीव गांधी के सपनों को साकार करने का कार्य कर रही है। महात्मा गांधी के सपनों के अनुरूप गांव, गरीब का विकास कर रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री शैलजा कुमारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हर जगह लोगों के चेहरों पर मुस्कुराहट नजर आती है, जिसे देखकर लगता है कि स्व.  राजीव गांधी का सपना साकार हुआ है। इस मौके पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर, विधायक  मोहन मरकाम ने भी सभा को संबोधित किया। इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, पीएचई मंत्री गुरु रूद्रकुमार, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के भवन का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने आज पाटन के ग्राम सांकरा में 120 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाले महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के भवनों का शिलान्यास किया। इस विश्वविद्यालय के अंतर्गत 14 शासकीय एवं 4 अशासकीय महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के ब्लू प्रिंट का अवलोकन भी किया।

भरोसे का सम्मेलन में न्याय योजनाओं की दो हजार 28 करोड़ 92 लाख रूपए की राशि हितग्राहियों के खाते में अंतरित

न्याय योजनाओं की 2028 करोड़ 92 लाख रुपए की राशि का अंतरण

मुख्यमंत्री ने न्याय योजनाओं की राशि हितग्राहियों के खाते में ट्रांसफर की। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत 24 लाख 52 हजार किसानों को 1894 करोड़ 93 लाख रुपए की प्रथम किश्त ट्रांसफर की गई। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत 5 लाख 63 हजार हितग्राहियों के खाते में 112 करोड़ 71 लाख रुपए की राशि ट्रांसफर की गई। गोधन न्याय योजना के अंतर्गत पशुपालकों, गौठान समितियों और स्व-सहायता समूहों को 13 करोड़ 57 लाख रुपए का भुगतान किया गया। राजीव गांधी युवा मितान क्लब के अंतर्गत 13 जिलों के 3085 क्लबों को 7 करोड़ 71 लाख रुपए का वितरण किया गया।

Check Also

जश्ने ईद मिलादुन्नबी : आज नेअमते उज़्मा कॉन्फ्रेंस, 26 को शान से निकलेगा जुलूसे मोहम्मदी 

THR CG NEWS जिनके आने से रौशन हुए दो जहां,  उनके कदमों की बरकत पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!