- प्रत्यायुक्त सदस्य पद के 32 प्रत्याशी चुनाव में आजमाएंगे भाग्य
द सीजी न्यूज
दुर्ग। नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित दुर्ग के 16 समूहों में प्रत्यायुक्त सदस्य पद के लिए चुनाव होंगे। समूह क्रमांक-20, 47, 63, 75, 81, 93, 96, 98, 102, 105, 106, 107, 111, 113, 116, 117 शामिल है। इन 16 समूहों के चुनाव के लिए कुल 32 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमाएंगे। सोमवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है।
नामांकन वापसी के दिन सोमवार को दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस लिया। नाम वापस लेने वालों में समूह क्रमांक 1 के प्रत्याशी अखिलेश अग्रवाल और समूह क्रमांक 14 के प्रत्याशी अब्दुल गफ्फार रिजवी शामिल है। नागरिक सहकारी बैंक के कुल 117 समूहों में चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की गई थी। कुल 154 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए गए थे। 143 नामांकन वैध पाए गए। नामांकन वापसी की मियाद खत्म होने पर 117 समूहों में से 80 समूहों में प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
21 समूहों में किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। 16 समूहों मेंं निर्वाचन की स्थिति बनी है। मतदान 11 जनवरी को श्री गुर्जर क्षत्रिय गुजराती समाज भवन, मोतीपारा में होगा। मतदान के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक समय निर्धारित किया गया है। मतदान होने के एक घण्टे के बाद उसी स्थान पर मतगणना की जाएगी। इसके बाद परिणामों की घोषणा की जाएगी।
आज नामांकन पत्रों की वापसी के दौरान बैंक मुख्यालय हॉस्पिटल वार्ड पचरीपारा में गहमागहमी का माहौल रहा। इस दौरान नागरिक सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष कमलनारायण रुंगटा, राजेश यादव, पवन बडज़ात्या, संजय सिंह, सुशील रुंगटा, मनोज ताम्रकार, वेंकट शास्त्री राव, दिलीप देशमुख, राजकुमार वर्मा, रमेश शर्मा, अखिलेश मिश्रा, तेजबहादुर बंछोर, संदीप जैन, धनेन्द्र कांत चंदेल के अलावा अन्य अभ्यर्थी व बैंक से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal