Breaking News

दुर्ग में 129.50 करोड़ से बनेगा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट

  • बघेरा क्षेत्र में सर्वे शुरू, स्वीकृति के बाद शुरू होगा काम

द सीजी न्यूज

दुर्ग। शहर में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के निर्माण के लिये शासन ने पहले चरण में 129.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। शहर की इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए शासन द्वारा प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। नालों से निकलने वाले गंदे पानी को वैज्ञानिक तरीके से शुद्ध कर उसे सुरक्षित रूप से निस्तारित करने के लिये एसटीपी स्थापित किया जाएगा।
नगर निगम क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र को छोड़कर शहर के किसी भी वार्ड में अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम नहीं है। इसके कारण नालों का गंदा पानी सीधे शिवनाथ नदी में मिल रहा है और इससे पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम के निर्माण से पूर्व एस.टी.पी. का निर्माण अनिवार्य है। बिना एस.टी.पी. के सीवरेज नेटवर्क का कोई औचित्य नहीं रहेगा। गंदे पानी के शोधन की समुचित व्यवस्था आवश्यक है। इसी कारण शासन ने पहले एस.टी.पी. निर्माण को प्राथमिकता दी है।
वर्तमान में सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बघेरा क्षेत्र का सर्वे किया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट और तकनीकी परीक्षण पूर्ण होने के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही बघेरा क्षेत्र में सीवरेज सुधार और निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यह क्षेत्र पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जा सकता है।
एसटीपी बनने के बाद पूरे शहर में फैलेगा सीवरेज नेटवर्क
एसटीपी निर्माण पूरा होने के बाद शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम के लिए चरणबद्ध प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इससे नालियों में बहने वाले गंदे पानी, जलभराव, बदबू और बीमारियों की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से दुर्ग शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी। भू-जल प्रदूषण में कमी आएगी और नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

Check Also

बेमेतरा में गरिमामय माहौल में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह : सांसद विजय बघेल ने किया ध्वजारोहण

THE CG NEWS बेमेतरा। स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि दुर्ग के सांसद विजय बघेल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!