द सीजी न्यूज
भिलाई नगर। दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेले के दौरान दुर्ग पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान मेला स्थल पर घूम रहे 150 युवकों से लोहे के कड़े निकलवाए गए। लोगों की सुरक्षा और मेले के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने पुलिस ने यह कदम उठाया। ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 18 जनवरी को थाना नंदिनी क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित मड़ई मेला, बाजार क्षेत्रों और अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर शांति, सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नंदिनी थाना पुलिस द्वारा पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर विशेष सघन अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान कुछ असामाजिक किस्म के युवक बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर मड़ई मेला, बाजार व सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी करते हुए आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित करने का प्रयास कर रहे थे। ऐसे सभी असामाजिक तत्वों को तत्काल चिन्हित कर मौके पर ही लोहे के कड़े उतरवाए गए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal