Breaking News

गरीबों के आशियाने पर चला बुलडोजर, वोरा ने कलेक्टर से व्यवस्थापन, मुआवजा की मांग की

द सीजी न्यूज

दुर्ग। कैलाश नगर दुर्ग में विपणन संघ को-ऑपरेटिव सोसायटी के समीप निवासरत गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने पर पूर्व विधायक अरुण वोरा ने सख्त ऐतराज जताया है। वोरा ने कहा कि यहां रहने वाले दो परिवारों के मकान ध्वस्त कर दिए गए। उन्होंने करीब 4-4 लाख रुपये की जमा पूंजी से मकान बनवाया था। मकान टूटने के बाद ये परिवार अब बेघर हो चुके हैं और किराए के मकानों में रहने को विवश हैं।
आज पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कैलाश नगर पहुंचकर पीडि़त परिवारों से मुलाकात की। पीडि़तों ने बताया कि वे गरीब हैं और अपनी जीवनभर की जमा पूंजी घर बनाने में लगा दी। अब उनके मकान तोड़ दिए गए हैं। उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि वे अब कहां जाएं और कैसे जीवन यापन करें।
पीडि़तों ने कहा कि उसी क्षेत्र में अन्य कई मकान मौजूद हैं, लेकिन कार्रवाई केवल दो परिवारों पर की गई। पीडि़तों ने वोरा से न्याय दिलाने  की मांग की। वोरा ने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के घर तोडऩा न केवल अमानवीय है, बल्कि यह सामाजिक असुरक्षा को भी बढ़ाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पीडि़त परिवारों को तत्काल राहत, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाए।
वोरा ने कलेक्टर से आग्रह किया कि प्रशासन इस विषय को गंभीरता से संज्ञान में लेकर प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीडि़त परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए, या फिर उन्हें अन्यत्र सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जाए। वोरा ने इस मामले को लेकर विपणन संघ के अधिकारी अमित श्रीवास्तव से फोन पर बातचीत की। प्रशासन को चाहिए कि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले मानवीय दृष्टिकोण अपनाएं ताकि, कोई भी गरीब परिवार बेघर न हो। इस अवसर अरुण वोरा के साथ ब्लॉक अध्यक्ष देवश्री साहू, राकेश साहू, रोशन साहू, ममता साहू, पुष्पा साहू, दुर्गा निषाद, रेखा साहू, अशोक, यशवंत साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी भी उपस्थित रहे।

Check Also

15 रिटायर्ड कर्मचारियों ने फर्जी मृत्यु दावा कर निकाल लिये पेंशन के 1 करोड़ 19 लाख

द सीजी न्यूज पाटन। जिले के 15 रिटायर्ड कर्मचारियों ने खुद को मृत बताकर डेथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *