- जिला पंचायत दुर्ग में सामान्य सभा में धान खरीदी में अनियमितता, अवैध रेत खनन का मुद्दा गरमाया
- राशन दुकानें समय पर न खुलने की शिकायत, स्कूली शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने की मांग भी उठी
द सीजी न्यूज
दुर्ग। जिला पंचायत दुर्ग के सभाकक्ष में आज सामान्य सभा की बैठक में अफसरों की अनुपस्थिति पर जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई। जिपं अध्यक्ष सरस्वती बंजारे की बैठक की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर व साजा विधायक ईश्वर साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में जिपं उपाध्यक्ष पवन शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे, जनपद पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक सहित जिला पंचायत सदस्य जितेन यादव, प्रिया साहू, श्रद्धा साहू, आशा विक्की मिश्रा, देवेंद्र चंद्रवंशी, नीलचंद, नीलम चंद्राकर, उषा विक्की मिश्रा, कल्पना साहू, अशोक साहू, दानिश साहू व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सामान्य सभा की बैठक में सदस्यों ने धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितताओं पर चर्चा करते हुए कहा कि समय-सीमा के भीतर धान की खरीदी नहीं हो रही है। पाटन ब्लॉक में टोकन कटाने के बाद निरस्त किए जाने, छोटे किसानों के टोकन कटने और बड़े किसानों के टोकन न ं कटने की शिकायतें मिली है। सदस्यों ने धान खरीदी की सीमा बढ़ाने की मांग की गई।
ग्राम पंचायत थनौद और कोलिहापुरी में राशन दुकान 2-3 दिन में एक बार खुलने की जानकारी दी गई। आश्रित ग्राम पंचायतों में 3 किलोमीटर की दूरी तक राशन लेने की व्यवस्था है। उससे अधिक दूरी होने पर नई राशन दुकान खोलने की मांग की गई। ग्राम पंचायत कोलिहापुरी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली केंद्र को लेकर कई शिकायतें बताई गई। ग्राम पंचायतों के स्व-सहायता समूहों द्वारा सोसायटी आवंटन की मांग भी रखी गई।
बैठक में खाद्य विभाग के अफसरों को सभी पेट्रोल पंपों में हवा व शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत कंदई में नए आंगनबाड़ी भवन में बाउंड्रीवाल निर्माण, ग्राम पंचायत जंजगिरी में आंगनबाड़ी भवन क्रमांक 1 और 2 जर्जर स्थिति में होने पर जीर्णोद्धार कराने, रिसामा में इंदिरा आवास पारा के नवीन आंगनबाड़ी के भवन निर्माण की मांग की गई।
नगपुरा में तालाब के पास बन रहे आंगनबाड़ी क्रमांक 1 को अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया। कोलिहापुरी में निराश्रित पेंशन, विधवा सहायता व महिला सहायता पेंशन न मिलने की शिकायत बताई गई। रामलला दर्शन योजना अंतर्गत सूची से बिना सूचना नाम काटने की शिकायत पर सदस्यों ने विधानसभावार सूची तैयार कर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद विधायक ललित चंद्राकर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता उत्कर्ष पांडे और खनिज विभाग दुर्ग के दीपक मिश्रा की बैठक में अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। अफसरों के लगातार अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा करने के निर्देश दिए गए।
करेली ब्लॉक धमधा व नवांगांव में अवैध खनन की जानकारी दी गई। पाटन क्षेत्र में चालू व बंद खदानों और दर्ज प्रकरणों की जानकारी मांगी गई। घुघवा (ब्लॉक पाटन) में अवैध रेत खनन कर पुल के पास से प्रतिदिन 20 से 25 गाडिय़ां रेत निकाले जाने की शिकायत बताई गई। ग्राम पंचायत चिंगरी में पिछले 7 वर्षों से पट्टा जारी किये बिना मछली निकासी की शिकायत भी की गई। जिपं सदस्यों ने पंचायत से पट्टा और लीज राशि संबंधी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिपं सदस्यों ने निकुम विद्यालय में एकमात्र प्रधान पाठक द्वारा विद्यालय संचालन किये जाने की शिकायत मिलने पर शाला में स्टाफ से संबंधित पूरी जानकारी मांगी गई। दुर्ग ब्लॉक के डुमरडीह में जर्जर भवन को डिस्मेंटल करने, धमधा ब्लॉक के गिरहोला में टपकती छत की मरम्मत और पाटन ब्लॉक के बंटग में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण कराने की मांग की गई।
ग्राम पंचायत बोरिद में शिक्षकों की अनुपस्थिति और दमोदा में शिक्षक के अवकाश पर रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी दी गई। सदस्यों ने डीईओ कार्यालय में शिक्षकों के साथ व्यवहार सुधारने और समग्र शिक्षा के अंतर्गत 3-4 साल से लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने की मांग की। इसके अलावा कोलिहापुरी ब्लाक दुर्ग में जूस फैक्ट्री के पास बनाए गए ब्रेकर को तत्काल हटाने कहा गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal