द सीजी न्यूज
दुर्ग। महिला की बीमारी का डर दिखाकर ठगों ने एक साइकिल दुकानदार को अपने जाल में फंसाया और करीब 8 लाख रुपए ठग लिये। आरोपियों ने पूजा-पाठ और देवी आराधना के नाम पर झांसा देकर दुकानदार से लाखों के कैश के साथ सोने के कंगन लेकर फरार हो गए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शदाणी नगर सिंधी कॉलोनी निवासी पीडि़त की धमधा नाका में संजय साइकिल स्टोर्स नाम से दुकान है। करीब 15 दिन पहले दो लोग साइकिल देखने दुकान पहुंचे। उनमें से एक ने अपना नाम राजू बताया। सामान्य बातचीत के दौरान उन्होंने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद वे लगातार फोन करते रहे। बातचीत के दौरान दुकान संचालक की मां के बीमार होने की जानकारी मिलने पर कहा कि पूजा-पाठ से बीमारी दूर कर देंगे।
इसके बाद आरोपी राजू ने फोन कर पीडि़त को मानसिक रूप से डराते हुए कहा कि किसी ऊपरी बाधा के कारण उसकी मां की तबीयत खराब रहती है। राजू ने पूजा-पाठ और देवी साधना से बीमारी पूरी तरह ठीक करने का दावा किया। इसके लिए रकम खर्च करने पर जोर दिया। लगातार फोन कॉल करते हुए आरोपी राजू ने पीडि़त का भरोसा जीत लिया। 16 जनवरी को राजू ने पीडि़त को पावर हाउस फल मार्केट के पास बुलाया। वहां राजू के साथ एक महिला मौजूद थी। दोनों ने देवी मां को चढ़ावे के नाम पर एक नारियल और 1100 रुपए मांगे, जिसे पीडि़त ने दे दिया।
आरोपियों ने कहा कि विधिवत पूजा कराने पर मां पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगी। उन्होंने मां के पहने हुए सोने के आभूषण और चार लाख रुपए घर के मंदिर में रखने की बात कही गई। इसके बाद 20 जनवरी को दोपहर करीब 2.30 बजे आरोपियों ने फोन कर पीडि़त को पॉवर हाउस रेलवे स्टेशन के पास बुलाया। पीडि़त अपनी कार सीजी 07 बीएस 0514 से पहुंचा। आरोपियों के कहने पर उसने अपनी मां के सोने के चार कंगन राजू को सौंप दिये। सोने के कंगन का कुल वजन 60 ग्राम था। इसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपए है। इसके अलावा 8 लाख 82 हजार 300 रुपए नगद भी दिए।
आरोपियों ने शाम को उसके घर आकर पूजा करने की बात कही। इसके बाद वे घर नहीं आए। दोबारा संपर्क भी नहीं किया। साइकिल दुकान संचालक ने जब उनके मोबाइल नंबरों पर कॉल किया तो फोन बंद मिला। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ। उसने घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी उनकी तलाश की जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal