द सीजी न्यूज
दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र द्वारा 5 फरवरी को राधाकृष्ण सभागार, शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (साइंस कॉलेज) परिसर में क्षेत्रीय स्तर पर दोपहर 12 बजे भव्य समारोह का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि और विधायी कार्य विभाग मंत्री गजेन्द्र यादव होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, विधायक ललित चंद्राकर करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, विधायक रिकेश सेन, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, महापौर अलका बाघमार होंगे।
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य उत्सव के साथ-साथ जनसेवा है। कार्यक्रम स्थल पर उपभोक्ताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सोलर पैनल के माध्यम से बिजली बिल शून्य करने के संकल्प के साथ पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी रहेगी।
उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण और तकनीकी मार्गदर्शन के लिये विशेषज्ञ हेल्प डेस्क पर मौजूद रहेंगे। सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल ने आम जनता और विद्युत उपभोक्ताओं से रजत महोत्सव में शामिल होकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal