- पति और दो बच्चों को छोड़कर लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी महिला
द सीजी न्यूज
भिलाई। लिव इन रिलेशनशिप में रह रही युवती राजिंदर कौर (35 साल) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक महिला अपने लिव-इन पार्टनर के साथ शराब पी रही थी। इसी दौरान उसके नाक से खून निकलने लगा। हालत बिगडऩे पर उसे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र में राजिंदर कौर अपने लिव-इन पार्टनर राजा नाथ (नाग) के साथ सेक्टर-2, स्ट्रीट-12 में 3 साल से रह रही थी। राजिंदर शादीशुदा थी। उसके 2 बच्चे भी हैं। वह पति और बच्चों को छोड़कर राजानाथ के साथ रह रही थी। 5 फरवरी की रात दोनों शराब पीते समय राजिंदर के नाक से ब्लड आने पर उसने ब्लड रोकने की कोशिश की। इसके बाद राजिंदर की हालत बिगडऩे लगी। राजा नाथ की मां राजिंदर को जिला अस्पताल दुर्ग ले गई।
6 फरवरी को उसकी मौत की पुष्टि हुई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। महिला की लाश का पोस्टमार्टम रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे किया गया।
जांच में पता चला कि राजानाथ और राजिंदर कौर के बीच अक्सर विवाद होता था। राजिंदर की मौत के मामले में परिजनों में हत्या की आशंका जताई है। भिलाई भट्टी थाना पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजिंदर कौर पहले से शादीशुदा थी। बाद में उसकी दूसरी शादी बलविंदर सिंह से हुई। दूसरे पति के साथ करीब 17 साल तक रहने के बाद 4 साल पहले वह अपने पति से अलग हो गई। उसके दो बच्चे हैं। पति से अलग होने के बाद वह राजानाथ के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी।
राजिंदर की भांजी कृतिका ने बताया कि राजा नाथ की मां ने उन्हें 6 फरवरी दोपहर करीब 2 बजे घटना की जानकारी दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि राजिंदर कौर और राजा नाथ के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। जब भी राजिंदर घर आती थी, उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई देते थे। परिजनों ने आशंका जताते हुए कहा कि उसकी हत्या की गई है। बेटी परमजीत सिंह और बेटा आदित्य सिंह ने कहा कि मां उनसे रोज बात करती थी। मां ने किसी बड़ी परेशानी का जिक्र नहीं किया। बेटे ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिये और दोषियों को सजा मिलनी चाहिये।
राजिंदर के पति हरविंदर सिंह ने बताया कि बच्चों से मिलने के लिये वह आती-जाती रहती थी। पिछले 15 दिनों से वो घर नहीं आई। वो बच्चों से लगातार संपर्क में रहती थी। पति ने आरोप लगाया है कि राजिंदर की हत्या उसके पार्टनर ने कर दी। इसके बाद शव को लावारिस हालत में दुर्ग जिला अस्पताल में छोड़ दिया गया।
भट्टी थाना टीआई प्रकाश कांत ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस राजा नाथ की पतासाजी कर रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal