Breaking News

भिलाई : लाल मैदान की जमीन पर पुलिस का दावा खारिज

THE CG NEWS

भिलाई। पावर हाउस स्थित लाल मैदान की तहसील स्तर पर हुई जांच में लाल मैदान की जमीन नगर निगम भिलाई के अधीन होने की जानकारी सामने आई है। पिछले करीब छह माह से जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा था। लाल मैदान में हर वर्ष दुर्गोत्सव के दौरान विशाल पूजा पंडाल लगाया जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों-श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं और पूजा समिति की सुविधा को देखते हुए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के विशेष प्रयास से विशाल डोम शेड, हाईमास्ट लाइट और मैदान के सौंदर्यीकरण सहित कई विकास कार्य कराए जा रहे थे।

छह माह पूर्व छावनी थाना और दुर्ग पुलिस विभाग की ओर से लाल मैदान की जमीन को गृह विभाग/थाना के लिए आबंटित भूमि बताते हुए निर्माण व विकास कार्यों को रोक दिया गया। विधायक रिकेश सेन ने विधानसभा में जमीन के संबंध में प्रश्न उठाया और जिला प्रशासन व राज्य शासन से जमीन का सीमांकन कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। इसके बाद राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने संबंधित दस्तावेजों, नजरी नक्शे और मौके की स्थिति का परीक्षण किया।

11 अगस्त 2026 को प्रस्तुत संयुक्त स्थल जांच प्रतिवेदन में लाल मैदान की भूमि को नगर निगम भिलाई की भूमि बताया गया है। जांच रिपोर्ट में थाना छावनी को आबंटित भूमि और लाल मैदान की वास्तविक भूमि की स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद लाल मैदान पर पुलिस प्रशासन के स्वामित्व संबंधी दावे पर विराम लग गया है और यहां प्रस्तावित विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।

Check Also

जापान के एहिमे यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स ने देखा छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत का वैभव

सिरपुर की ऐतिहासिक धरोहर ने किया अभिभूत छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने 17 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय डेलीगेशन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!