Breaking News

महंगाई की मार के बीच अंत्योदय परिवारों को शक्कर के लिए भटक पड़ रहा, वोरा ने सरकार को घेरा

THE CG NEWS 

दुर्ग। महंगाई के दौर में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी राशन व्यवस्था का लाभ समय पर नहीं मिलने को लेकर पूर्व विधायक अरुण वोरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब तीन माह से अंत्योदय कार्डधारियों को राशन दुकानों में शक्कर नहीं मिल पा रही है, जिससे सबसे गरीब परिवारों की परेशानी बढ़ गई है।

वोरा ने कहा कि अनाज और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी पहले ही आर्थिक दबाव में है। ऐसे समय में अंत्योदय कार्डधारियों को मिलने वाली शक्कर भी राशन दुकानों में उपलब्ध नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार की राशन व्यवस्था में लापरवाही का सीधा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके लिए सरकारी राशन ही सबसे बड़ा सहारा है।

उन्होंने कहा कि रोज कमाकर खाने वाले गरीब परिवारों के लोग काम पर जाने के बजाय सुबह से राशन दुकानों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। सितंबर माह के पांच दिन बीत जाने के बावजूद शहर की कई राशन दुकानों में अभी तक पूरा राशन नहीं पहुंचा है। जहां राशन पहुंचा भी है, वहां कई जगह मात्रा अधूरी होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

अरुण वोरा ने कहा कि राशन दुकानों की मशीनों में सही जानकारी अपडेट नहीं होने के कारण दुकानदार भी कई कार्डधारियों को राशन देने में असमर्थता जता रहे हैं। इससे हितग्राही और राशन विक्रेता दोनों परेशान हैं और व्यवस्था का खामियाजा गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है।

वोरा ने प्रशासन से मांग की कि राशन दुकानों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में शक्कर एवं अन्य आवश्यक राशन सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा मशीनों में लंबित जानकारी को तत्काल अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में गरीब परिवारों को राशन के लिए परेशान करना संवेदनहीनता है।

उन्होंने प्रशासन से कहा कि राशन वितरण व्यवस्था को सुचारु करते हुए समय पर और पूरा राशन उपलब्ध कराया जाए, ताकि अंत्योदय परिवारों को बार-बार दुकानों के चक्कर न लगाने पड़ें और वे अपने रोजमर्रा के काम पर ध्यान दे सकें।

Check Also

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम : भाजपा की विशाल आमसभा व पदयात्रा 30 को

केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता होंगे शामिल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!