THE CG NEWS
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग जिले की मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए वोटर लिस्ट को अपडेट करने की मांग की है। गुरूवार को भिलाई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भूपेश ने कहा कि भिलाई सहित कई निकाय चुनाव से पहले जारी वोटर लिस्ट में कई मतदाताओं के नाम इधर से उधर हो गए हैं। बिना परिसीमन किये सैकड़ों मतदाताओं के बूथ बदल दिये गए हैं।
उन्होंने सवाल किया कि जब परिसीमन नहीं हुआ, तो एक वार्ड के मतदाताओं के नाम दूसरे वार्ड में कैसे स्थानांतरित हो गए? बघेल ने चेतावनी दी कि आपत्तियों का समाधान नहीं होने पर कांग्रेस इस मामले को लेकर हाईकोर्ट जाएगी।
भूपेश ने दावा आपत्ति की तिथि बढ़ाने और मतदाता सूची को फिर से अपडेट करने की मांग की। भूपेश ने कहा कि इस साल के अंत में नगरीय निकाय चुनाव के अंतर्गत दुर्ग जिले की भिलाई निगम, भिलाई चरोदा, रिसाली निगम में चुनाव होना है। जामुल नगर पालिका के चुनाव भी होंगे। दुर्ग में मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया गया। जो सूची हमारे जिला अध्यक्षों को सौंपी गई है उसमें भारी गड़बड़ी है। सभी निकायों में मतदाताओं के बूथ वार्ड बदल गए हैं। इससे चुनाव में प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर प्रभाव पड़ेगा।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा है कि मतदाता सूची जारी होने के दूसरे दिन हमारे जिला अध्यक्षों को मिली। दावा आपत्ति की तिथि 30 अक्टूबर है। वार्डों में बीएलओ नहीं बैठ रहे हैं, जिसके कारण दावा आपत्ति के प्रकरण प्रभावित हुए हैंं। कई लोगों ने इस संबंध में शिकायत भी दर्ज कराई है।
मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि बीएलओ को वार्डों में बैठना चाहिये लेकिन नगर निगम के दफ्तर में बैठकर मतदाता सूची को सुधारने का काम कर रहे हैं। इससे साबित होता है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को फिर से अपडेट किया जाना चाहिए। बिना परिसीमन के सैकड़ों मतदाताओं के वार्ड बदलने से चुनावी नतीजे प्रभावित होंगे। आपत्ति की तारीख को बढ़ाने के साथ ही मतदाता सूची में गड़बड़ी करने वाले सरकारी अधिकारी या गैर सरकारी व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
भूपेश बघेल ने कहा कि भिलाई नगर निगम में कई वार्डों में मतदाता स्थानांतरित कर दिये गए हैं। वार्ड 3 से 5 में 192, वार्ड 5 से 3 में 493, वार्ड 9 से 10 में 721 और वार्ड 9 से 11 में 556 मतदाताओं के नाम स्थानांतरित किए गए हैं। इसके अलावा वार्ड 15 से 14 में 232, वार्ड 17 से 18 में 316 और वार्ड 59 से 60 में 228 मतदाताओं को स्थानांतरित किया गया।
रिसाली, भिलाई-चरोदा और जामुल में भी गड़बड़ी
बघेल ने कहा कि रिसाली नगर निगम की मतदाता सूची में वार्ड 3 से 4 में 250, वार्ड 25 से 24 में 358 और वार्ड 26 से 31 में 416 मतदाताओं के नाम स्थानांतरित किये गए। भिलाई-चरोदा नगर निगम में वार्ड 2 से 3 में 202 और वार्ड 22 से 23 में 304 मतदाताओं के नाम स्थानांतरित किये गए हैं। जामुल नगर पालिका में वार्ड 20 से 19 में 196 मतदाताओं के स्थानांतरण से भी गड़बड़ी का पता चलता है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
