Breaking News

कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए राज्य शासन के निर्देश पर तेज हुई तैयारियां

  • कोविड-19 की द्वितीय लहर के दौरान उपलब्ध ऑक्सीजन पाइपलाइन सुविधा से तीन गुना से ज्यादा सुविधा उपलब्ध
  • 1000-1000 एलपीएम के दो ऑक्सीजन प्लांट और 1200 सिलेंडर प्रतिदिन की क्षमता से ऑक्सीजन उत्पादन करने वाला एक विशेष लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट भी स्थापित हो रहा

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

कोरोना की पहली और दूसरी लहर के दौरान राजनांदगांव जिला प्रदेश के सर्वाधिक कोरोना प्रभावित जिलों में से एक था। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान जिले में बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से जिले में कोरोना उपचार करने वाले सभी शासकीय अस्पतालों और प्राइवेट अस्पतालों और क्वारेंटाइन सेंटर में बेड उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे। जिले में गंभीर मरीजों की संख्या बढऩे से ऑक्सीजन सिलेण्डर की मांग भी बढ़ गई थी और जिले के अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी दूर करने जिला प्रशासन को बड़ी संख्या में ऑक्सीजन सिलेण्डर किराये पर लेना पड़ा था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर जिले के कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा द्वारा जिले में कोविड -19 की तीसरी लहर की आशंका को ध्यान में रखकर व्यापक स्तर पर कोविड प्रबंधन के लिये सभी स्तर पर कार्य किये जा रहे हैं। कलेक्टर स्वयं नियमित रूप से इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा है कि जिले में कोरोना के संक्रमण से बचाव और उपचार के समुचित प्रबंधन के लिये जिला प्रशासन पूरी तरह से सजग है। जिले के शासकीय अस्पतालों में तेजी से ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट की स्थापना, ऑक्सीजन पाइपलाइन लगाने, आवश्यक उपकरणों को उपलब्ध करने, चिकित्सकीय अमले के प्रशिक्षण कार्य, कोविड वैक्सिनेशन और सैंपल जांच के सम्बन्ध में पूरी तरह से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य किया जा रहा है। जिले के लोगों के कोविड वैक्सिनेशन के लिए तो विशेष रूप से सुरक्षित टीका सुरक्षित परिवार अभियान चलाकर सप्ताह में टीकावार दिवस निर्धारित कर कार्यक्रम चलाकर वैक्सिनेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। आगामी एक-दो माह में जिले में कोविड -19 के संभावित तृतीय लहर को ध्यान में रखकर लगभग सभी महत्वपूर्ण तैयारी पूर्ण कर ली जाएगी।

कोविड-19 की तीसरी लहर की आशंका को ध्यान में रखकर जिला प्रशासन द्वारा जिले में शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जिला अस्पताल, जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों  तथा चिन्हांकित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और उप स्वास्थ्य केन्द्रों में कोरोना मरीजों के उपचार हेतु आवश्यक तैयारी किये जाने का निर्णय लिया गया है। जिले के शासकीय अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई की उपलब्धता को देखते हुए अब तक  शासकीय मेडिकल कॉलेज पेंड्री में 520 बेड, जिला अस्पताल बसंतपुर के 100 बिस्तर, मातृ एवं शिशु अस्पताल भवन में 100 बेड, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर में 20 बिस्तर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहला में 30 बिस्तर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अंबागढ़ चौकी में 30 बिस्तर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव में 40 बिस्तर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरिया में 30 बिस्तर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोमनी में 50 बिस्तर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गंडई में 30 बिस्तर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान में 30 बिस्तर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खैरागढ़ में 30 बिस्तर के लिए ऑक्सीजन पाइप लाइन लगाने का कार्य पूर्ण हो गया है। इसके साथ ही मार्डन कॉलेज कोविड केयर सेंटर सोमनी में 60 बिस्तर पर ऑक्सीजन पाइपलाइन लगाया गया है और शीघ्र ही इसी सप्ताह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुमका में भी 20 बिस्तर ऑक्सीजन पाइपलाइन लगा दिया जाएगा। सितम्बर के प्रथम सप्ताह तक जिले के शासकीय अस्पतालों में कुल 970 बिस्तरों के लिए पाइपलाइन के माध्यम से ऑक्सीजन सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी कर ली गई है जो कोविड-19 की द्वितीय लहर के दौरान उपलब्ध ऑक्सीजन पाइप लाइन सुविधा से तीन गुना से भी ज्यादा है।
जिले के शासकीय अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई की कमी को पूरी करने के लिए जिले चिन्हांकित अस्पतालों में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट की भी स्थापना की जा रही है। शासकीय मेडिकल कॉलेज में कोविड -19 द्वितीय लहर के दौरान  स्थापित 800 एल पीएम के ऑक्सीजन प्लांट के अतिरिक्त 1000-1000 एल पीएम के दो ऑक्सीजन प्लांट तथा 1200 सिलेंडर प्रतिदिन की क्षमता से ऑक्सीजन उत्पादन करने वाला एक विशेष लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए ऑक्सीजन शेड का निर्माण और जनरेटर सेट की उपलब्धता कर ली गयी है और ऑक्सीजन प्लांट मशीन भी शासकीय मेडिकल कॉलेज पेंड्री पहुँच चुका है। इसके साथ ही जिला अस्पताल बसंतपुर में 1000 एल पीएम तथा 800 एल पीएम के दो ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किये जा रहे हैं। जिसके लिए ऑक्सीजन शेड बनाने का कार्य इसी माह पूर्ण कर लिया जाएगा।

Check Also

भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में टाइल्स, मार्बल, ग्रेनाइट लगाने भूमिपूजन संपन्न

THE CG NEWS भिलाई। सेक्टर-5 स्थित भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में 3 लाख की लागत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!