THE CG NEWS
भिलाई। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने जनसेवा और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी शासकीय सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों की संख्या कम करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा है। पत्र में विधायक रिकेश सेन ने भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री व छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी की निर्भीक, कर्मठ और जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यशैली से प्रेरित होने का उल्लेख किया है।
उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधित्व करने का दायित्व सौंपा है और जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है
सुरक्षा कर्मियों का उपयोग कानून-व्यवस्था मजबूत करने में हो
विधायक रिकेश सेन ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि उनकी सुरक्षा में तैनात शासकीय सुरक्षा कर्मियों की संख्या कम कर आवश्यकतानुसार उन्हें वापस लेकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए उपयोग में लिया जाए।
प्रदेश में पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका अपराध नियंत्रण, आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में है। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार पुलिसकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जनहित की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
जनप्रतिनिधि का पद केवल सुविधाओं और सुरक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि जनता के प्रति जिम्मेदारी और सार्वजनिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग से भी जुड़ा है। यदि आवश्यकता के अनुरूप सुरक्षा कर्मियों की संख्या कम की जाती है, तो उपलब्ध जवानों को अन्य जरूरी दायित्वों में लगाया जा सकता है।
विधायक ने अपने पत्र की प्रतिलिपि भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष और पुलिस महानिरीक्षक को भी भेजी है। अब इस संबंध में शासन और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं, निर्धारित मानकों और उपलब्ध परिस्थितियों के आधार पर निर्णय लिया जाना है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
