- उतई में समाज रत्न दाऊ उत्तम साव पुण्य स्मरण समारोह में हिस्सा लेने पहुँचे थे मुख्यमंत्री

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
उतई में आज समाज रत्न दाऊ उत्तम साव पुण्य स्मरण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। 4 करोड़ रुपए की लागत से मोरिद टैंक के जीर्णाेद्धार की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जीर्णाेद्धार कार्य से 240 हेक्टेयर खेतों तक पानी पहुँच पाएगा। टैंक के जीर्णाेद्धार से पेयजल आपूर्ति की क्षमता में भी विस्तार होगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर देने उतई के अस्पताल में क्षमता विस्तार किया जाएगा। इसमें 10 आक्सीजन बेड होंगे।

मुख्यमंत्री ने उतई नगर में 2 करोड़ रुपए की लागत से पालिका बाजार बनाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने नगर के पुराने शीतला तालाब का जीर्णाेद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य के लिये 75 लाख रुपए देने की घोषणा की। जिला साहू समाज के भवन के लिए 40 लाख रुपए और 3 एकड़ जमीन देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की। उतई में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल भी खुलेगा। इस मौके पर गृह एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू भी उपस्थित थे।

उतई में आयोजित समाज रत्न दाऊ उत्तम साव पुण्य स्मरण समारोह में मुख्यमंत्री ने साहू समाज की विभूतियों का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया निवेश सबसे ज्यादा प्रभावी होता है। पाटन में हमारे पूर्वजों ने शिक्षा के प्रसार के लिए इतनी बड़ी संख्या में स्कूल खोले। साहू समाज जिस तरह से आगे बढ़ रहा है उसके पीछे समाज की शिक्षा को बढ़ावा देने की प्रखर सोच है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए दो सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है। साहू समाज ने शिक्षा के क्षेत्र में अहम कार्य किया है। हमारी सरकार की सोच है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ सबको मिल सके। इसके लिए हमने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल और स्वामी आत्मानंद हिंदी स्कूल के माध्यम से शिक्षा की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। हमारे बच्चे प्रतिभाशाली होने के बावजूद केवल अंग्रेजी में कमतर होने के कारण पीछे रह जाते थे। हमने निर्णय किया कि जो भी अंग्रेजी के रास्ते आगे बढ़ना चाहे, उसे किसी तरह की बाधा न पहुँचे। आसपास ही गुणवत्तापूर्ण स्कूल मिल जाए। इसके लिए पूरे प्रदेश भर में 177 स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंभ किये गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोधन की अनेक संभावना है और इस पर कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू, कृषि उपज मंडी दुर्ग के अध्यक्ष अश्विनी साहू, जिला साहू संघ के अध्यक्ष राजेश साहू व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal