
- बुधवार और गुरूवार को रहेगा व्यापक टीकाकरण अभियान
- जिले में लगातार बारिश को देखते हुए बाढ़ एवं आपदा से बचाव और राहत के लिए सभी एसडीएम अलर्ट रहें
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव/ कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज टीएल की बैठक में अफसरों को आम जनता की शिकायतों और समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि लोकसेवक के रूप में लोक कल्याण के कार्यों को करना सभी अधिकारियों का दायित्व है। जनसामान्य की शिकायतें प्राथमिकता के साथ सुने और इसका निराकरण करें। हितग्राहियों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना न पड़े। सभी प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण किया जाना चाहिये। आम जनता के प्रति व्यवहार सौहार्द्रपूर्ण और सम्मानजनक होना चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पत्रों का निराकरण प्राथमिकता के साथ करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही निराकरण की सूचना उन्हें दें। कलेक्टर ने कहा कि जिले में लगातार बारिश को देखते हुए बाढ़ एवं आपदा से बचाव और राहत के लिए सभी एसडीएम अलर्ट रहें। कलेक्टर ने बारिश में मौसमी बीमारियों की संभावना अधिक होने के कारण बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को सतर्कता के साथ काम करने की नसीहत भी दी।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। सभी एसडीएम और कृषि विभाग के अधिकारी लगातार समीक्षा करें। किसानों को लगातार खाद की उपलब्धता बनी रहे। उन्होंने टीकाकरण की जानकारी लेते हुए कहा कि कोरोना अभी समाप्त नहीं हुआ है। कोविड-19 से सुरक्षा के लिए वैक्सीनेशन बहुत जरूरी है। बुधवार और गुरूवार को व्यापक टीकाकरण अभियान चलाते हुए शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करें। मुख्यमंत्री सस्ती दवाई योजना के अंतर्गत स्थानीय लोगों को इसके प्रति प्रोत्साहित करें।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सोमवार को कार्यालय में रहना सुनिश्चित करें। बिना कारण कार्यालय में अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की जाएगी। जनसामान्य से मिलकर उनकी शिकायत सुनकर प्राथमिकता के साथ निराकरण करें। उन्होंने गिरदावरी कार्य की जानकारी लेते हुए कहा कि 30 सितम्बर तक गिरदावरी कार्य पूरा करें। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में करें। सभी राजस्व अधिकारी नामांतरण, बंटवारा, जाति, आय, निवास सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए ग्रामवार शिविर लगाएं और इसकी समीक्षा के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूल के निर्माण कार्य और स्कूलों में अध्ययन कार्य की समीक्षा करें। स्कूलों में मध्यान्ह भोजन, शिक्षकों की उपस्थिति, अभिभावकों की बैठक और पढ़ाई से संबंधित कार्यों का लगातार मॉनिटरिंग करें। मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना शासन की फ्लैगशिप योजना है। इसके लिए स्थान, वाहन और दवाई की उपलब्धता सुनिश्चित होना चाहिये।
उन्होंने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, क्वांटीफायबल डाटा के अंतर्गत ओबीसी वर्ग की गणना, चिटफंड कंपनी से राशि वापसी के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारी सचिवों की बैठक लेकर ग्रामों में किए जाने वाले कार्यों की सूची बनाएं और सक्रियता से कार्य प्रारंभ करें। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ लोकेश चंद्राकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, वन मंडलाधिकारी एन गुरूनाथन, एसडीएम मुकेश रावटे सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी एसडीएम व विकासखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal