
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
सफाई कर्मी बिनेश गुजरतिया द्वारा आत्महत्या करने के मामले में आज भाजपा ने कलेक्ट्रेट में जोरदार हल्ला बोल प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा सिद्धार्थ नगर वार्ड के 7 सफाई कर्मचारियों को मकान तोड़ने की नोटिस देने के कारण बिनेश गुजरतिया ने आत्महत्या की। प्रदर्शन के बाद जिलाधीश सर्वेश्वर दास भुरे को ज्ञापन सौंपकर भाजपा नेताओं ने मामले की सूक्ष्मता से जांच करने और पीड़ित परिवार को तत्काल अनुकम्पा नियुक्ति देने के साथ ही 5 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि दोषी निगम अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होना चाहिये। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश भाजपा मंत्री उषा टावरी, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, निगम के नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा, ललित चंद्राकर, नटवर ताम्रकार, कांतिलाल जैन, पूर्व सभापति दिनेश देवांगन, मनोज मिश्रा, चंद्रशेखर चंद्राकर, दीपक चोपड़ा, लुकेश बघेल, नितेश साहू, उपासना चंद्राकर, राजा महोबिया, संतोष कोसरे, कैलाश डग्गर, अल्का बाघमार सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व भाजपा पार्षद उपस्थित थे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि सिद्धार्थ नगर में वर्षो से काबिज निगम के 7 सफाई कर्मचारियों को 1984 में स्थाई पट्टा दिया गया। 2019 में फिर से नवीनीकरण करते हए 30 वर्षो का पट्टा दिया गया। नगर निगम प्रशासन द्वारा सहकारी विपणन मर्यादित समिति की जगह होने का हवाला देकर 3 दिन के भीतर मकान खाली करने और घर तोड़ने की नोटिस थमा दी, जिससे व्यथित एक परिवार के मुखिया बिनेश गुजरतिया (उम्र 48 वर्ष) ने आत्महत्या कर ली। परिवार के एक अन्य व्यक्ति को अटैक आ गया जिसका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। नोटिस मिलने से अन्य लोग भी दशहत में है। पूरे मामले में नगर निगम की संवेदनहीनता व अमानवीय कृत्य का पता चलता है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal