
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
जशपुर में राजीव गांधी शिक्षा मिशन द्वारा संचालित समर्थ दिव्यांग केंद्र में 22 सितंबर को किशोरी से बलात्कार और 5 बच्चियों के साथ छेड़छाड़ के मामले में छात्रावास के केयरटेकर नरेंद्र भगत और चौकीदार राजेश राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जशपुर जिले के छात्रावास में घटी अप्रिय घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए सभी जिले के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को अपने जिले के अंतर्गत सभी छात्रावासों का समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को शासकीय छात्रावासों के निरीक्षण के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सहित अन्य वरिष्ठ जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान निरीक्षणकर्ता अधिकारी छात्रावास में रहने वाले बच्चों से बातचीत कर छात्रावास में संचालित गतिविधियों से संबंधित फीडबैक लेकर रिपोर्ट में प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण में यदि शासकीय छात्रावासों में कार्यरत किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही करते हुए पाया जाता है या अनैतिक गतिविधियो में संलिप्तता पाई जाती है, तो सम्बन्धित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध निलंबन/एफआईआर आदि की त्वरित कार्रवाई की जानी जाए। अपने कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले या अनैतिक गतिविधियों में शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कारवाई की जाएगी जिससे अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना को दबाने अफसरों ने साध ली चुप्पी
22 सितंबर को जशपुर में राजीव गांधी शिक्षा मिशन द्वारा संचालित समर्थ दिव्यांग केंद्र में छात्रावास के केयरटेकर नरेंद्र भगत और चौकीदार राजेश राम द्वारा रात में शराब पीकर 5 बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और जोर जबरदस्ती की गई। इस घटना में एक किशोरी के साथ दोनों आरोपियों ने बलात्कार भी किया। इस घटनाक्रम को लेकर राजीव गांधी शिक्षा मिशन विभाग के अधिकारियों द्वारा पहले चुप्पी साध ली गई थी। सोशल मीडिया में इस घटना के सामने आने के बाद जशपुर कलेक्टर महादेव कांवरे और जशपुर पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कड़ा रुख दिखाते हुए महिला एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडे को महिला टीम के साथ छात्रावास भेजा। दिव्यांग बच्चियों से संवाद करने के लिए दुभाषिया भी भेजा गया। शुक्रवार सुबह से चल रही जांच के बाद शाम को वहां रह रही 6 बच्चियों ने पूरा घटनाक्रम बताया।
इसके बाद घटनाक्रम में शामिल दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। जशपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडे द्वारा सौंपी गई जांच रिपोर्ट के आधार पर केयरटेकर व चौकीदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों नरेंद्र भगत और राजेश राम की मेडिकल जांच करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश महोदय ने उन्हें जेल भेज दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal