
- जिले के सभी जर्जर स्कूल, आंगनबाड़ी व अन्य शासकीय भवन के संबंध में शीघ्र जानकारी उपलब्ध कराएं
- सभी एसडीएम को आश्रम और छात्रावासों का निरीक्षण करने के दिए निर्देश
- निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा
द सीजी न्यूज डॉटकॉम
राजनांदगांव /कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज टीएल की बैठक में जिले के सभी जर्जर स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्र और अन्य शासकीय भवनों की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। जर्जर शासकीय भवन की मरम्मत कराने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिन जर्जर भवनों की हालत मरम्मत योग्य नहीं है, वहां कार्यालय न लगाया जाए। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि जर्जर भवनों के संबंध में सभी बीएमओ, बीईओ और सीडीपीओ से प्रमाण पत्र प्राप्त करें।
कलेक्टर ने कहा कि कोविड-19 से मृत्यु के मामलों में व्यक्तियों के परिजनों को आपदा राहत मद से राशि देने आवेदन प्रक्रिया का काम प्राथमिकता से करें। जिले में कोविड-19 से 515 लोगों की मृत्यु हुई है। अन्य जिले का निवासी होने की स्थिति में संबंधित जिले से ही दावा राशि प्राप्त होगी। कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम आश्रम व छात्रावासों का निरीक्षण करें और बालिका छात्रावास में महिला होमगार्ड की ड्यूटी लगाएं। बालिका छात्रावास में महिला अधीक्षक की ड्यूटी लगाएं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी 74 छात्रावासों का निरीक्षण करें। आदिवासी विभाग को निरीक्षण के लिए ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता महत्वपूर्ण है और इससे समझौता नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण विभाग भवनों और सड़कों का निरीक्षण करें। गुणवत्तापूर्ण कार्य न होने पर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए योजना बहुत उपयोगी है। जरूरतमंद हितग्राहियों का चिन्हांकन करें।
कलेक्टर ने राजीव गांधी मितान क्लब योजना के अंतर्गत आजादी के अमृत महोत्सव पर 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर विभिन्न खेलकूद, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां प्रारंभ करने और राजीव गांधी मितान क्लब योजना के अंतर्गत युवाओं के उत्थान के लिए सकरात्मक गतिविधियों से जोडऩे के निर्देश दिये। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत जिन किसानों ने पिछले साल धान की फसल ली थी और दूसरी बार अन्य फसल ली है, उन्हें 10 हजार रुपए अनुदान राशि की पात्रता होगी।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का 15 दिन में निरीक्षण करने के निर्देश दिए। रिक्त पदों पर भर्ती पर की जा रही है। सघन सुपोषण अभियान के तहत जिले के मानपुर, मोहला और छुईखदान में कुपोषण दूर करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केन्द्र में रेडी-टू-ईट गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश भी दिये। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री सस्ती दवाई योजना, मुख्यमंत्री हॉट बाजार योजना, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना में प्रगति की जानकारी ली।
जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, वन मंडलाधिकारी राजनांदगांव एन गुरूनाथन, वनमंडलाधिकारी खैरागढ़ संजय यादव, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम मुकेश रावटे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान सभी एसडीएम, जनपद सीईओ वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal