
- कलेक्टर ने दिये प्रत्येक नगर निगम में केंद्र खोलने के निर्देश, निर्माण केंद्र भी होगा और मार्केट लिंकेज की व्यवस्था भी होगी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग जिले के शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के लिए आजीविकामूलक गतिविधियों का विस्तार देने सभी नगर निगमों में आजीविका केंद्र शुरू किये जाएंगे। यहां महिलाओं के प्रशिक्षण की व्यवस्था के साथ ही निर्माण के लिए जगह उपलब्ध कराई जाएगी। मार्केट लिंकेज भी कराया जाएगा, ताकि सुनिश्चित आय की व्यवस्था के साथ ही तेजी से आर्थिक विकास की राह खुल सके। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने समीक्षा बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों का सृजन करें जिसके लिए मार्केट की संभावनाएं अच्छी हों।
कलेक्टर ने उदाहरण देते हुए कहा कि पेवर ब्लाक बनाने का प्रशिक्षण दिया जा सकता है। निगम के निर्माण कार्यों में इसका उपयोग होता है। इसी तरह की अनेक गतिविधियां शुरू की जा सकती हैं। सभी निगम आयुक्त इस दिशा में कार्य करें। बैठक में अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत सीईओ सच्चिदानंद आलोक, भिलाई निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, सहायक कलेक्टर हेमंत नंदनवार उपस्थित थे।
वृद्धाश्रम में डायटिशियन जाकर तय करेंगे मेनू – कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से कहा कि वृद्धजनों का समुचित ध्यान रखना हमारी पहली प्राथमिकता है। बीमार पड़ने पर उन्हें अस्पताल तक पहुंचाने का उचित प्रबंध होना चाहिये। कैंपस साफ-सुथरा सुविधापूर्ण हो। सबसे ज्यादा ध्यान खाने-पीने पर रखने की जरूरत है। बुजुर्गों के लिए खाना किस तरह का होना चाहिए, इसके लिए डायटिशियन की राय के मुताबिक नाश्ते और खाने का प्रबंध करें। उन्होंने सिविल सर्जन को जिला अस्पताल के डायटिशियन को वृद्धाश्रम में भेजकर इसका निर्धारण कराने के निर्देश दिये।
छात्रावास होने चाहिए बढ़िया, जहां मरम्मत की जरूरत तो प्रस्ताव भेजें – कलेक्टर ने कहा कि छात्रावासों में बच्चों को किसी तरह दिक्कत नहीं होनी चाहिए। अधिकारी यहां की व्यवस्थाओं की नियमित मानिटरिंग करें। टूट फूट होने पर या मरम्मत की जरूरत होने पर यह कार्य तत्काल कराएं। सभी एसडीएम अपने क्षेत्रों के स्कूलों और छात्रावासों का निरीक्षण करें और जल्द ही प्रस्ताव डीएमएफ के लिए दें, ताकि यह कार्य कराया जा सके।
कलेक्टर ने अस्पतालों में बढ़ रहे वायरल फीवर के मामलों की जानकारी लेते हुए कहा कि यह मौसम डायरिया का भी है। पीएचई विभाग सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में पानी की सैंपल की जांच कर लें। साथ ही क्लोरीनिकरण का कार्य भी पूरा करें। बच्चों के हैंड हाइजिन पर विशेष ध्यान दें। हाथ धुलाई दिवस में जिस तरीके से हाथ धुलाने कहा जाता है उसी प्रकार से बच्चों के नियमित रूप से हाथ धुलाने की प्रैक्टिस कराएं। कलेक्टर ने डेंगू के मामलों पर भी बारीक नजर रखने कहा और हाटस्पाट एरिया में विशेष तौर पर नजर रखने के निर्देश दिये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal