Breaking News

जिला पंचायत की सामान्य सभा का सांसद व भाजपा समर्थित जिपं सदस्यों ने किया बहिष्कार

  • 15 वें वित्त आयोग की राशि आबंटन में भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्यों के क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया

द सीजी न्यूज डॉटकॉम

जिला पंचायत दुर्ग की सामान्य सभा की बैठक में 15 वें वित्त आयोग की राशि आबंटन के विषय में पूर्व की बैठक में प्रस्ताव के अनुमोदन का भाजपा सदस्यों ने विरोध किया है। सांसद विजय बघेल ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा है कि सभी सदस्यों के क्षेत्रों में समान रूप से राशि का आवंटन होना चाहिये। बैठक में एजेंडा क्रमांक 1 में 15 वे वित्त आयोग की राशि के आबंटन प्रस्ताव पर चर्चा न करके एजेंडा क्रमांक 2 पर चर्चा शुरू करने पर सदस्य जिपं सदस्य माया बेलचंदन, जितेंद्र साहू, हर्षा चंद्राकर ने विरोध किया। एजेंडा क्रमांक 1 पर चर्चा करने की मांग की जिसका समर्थन मोनू साहू, चन्द्रकला मनहर ने भी किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव ने सफाई देते हुए पूर्व बैठक में प्रस्ताव पारित करने का हवाला दिया, जिस पर भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्यों ने पूर्व में हुई बैठक में गुपचुप तरीके से सम्पूर्ण राशि केवल कांग्रेस सदस्यों के क्षेत्र में एकतरफा आबंटित कर भेदभाव करने का आरोप लगाया।

सांसद विजय बघेल ने वाद-विवाद के दौरान सीईओ और जिपं अध्यक्ष को समझाने का प्रयास किया कि जिला पंचायत दुर्ग के सभी सदस्यों को बराबर महत्त्व व विकास कार्य कराने का मौका मिलना चाहिये। बघेल ने 15 वें वित्त आयोग की राशि के आबंटन में दोबारा विचार करने का प्रस्ताव रखा, जिसे कांग्रेसी सदस्यों ने नकार दिया। सीईओ व जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा 15 वें वित्त आयोग की राशि के आबंटन पर भेदभाव खत्म करने और प्रस्ताव पर दोबारा चर्चा कराने की मांग को ठुकराने पर सांसद विजय बघेल ने राशि के उपयोग पर रोक लगाने की बात कहते हुए बैठक का बहिष्कार किया।

बाद में सभी भाजपा समर्थित जिपं सदस्यों ने भी नारेबाजी करते हुए बैठक का बहिस्कार किया। सांसद विजय बघेल ने कलेक्टर से शिकायत करते हुए 15 वें वित्त आयोग की राशि के आहरण पर रोक लगाने की मांग की है। भाजपा के जिला पंचायत सदस्यों ने पूर्व में भी इस मामले को लेकर शिकायत की थी। बहिस्कार करने वालों में सांसद विजय बघेल के साथ माया बेलचंदन, हर्षा लोकमनी चंद्राकर, चन्द्रकला मनहर, जितेंद्र साहू, मोनू साहू, सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र चन्देल शामिल थे।

Check Also

प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का पावन पर्व है गोवर्धन पूजा : मुख्यमंत्री साय

हमारी संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान, कृषि और ग्रामीण जीवन की समृद्धि से जुड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!