द सीजी न्यूज डॉट कॉम

कबीरधाम / कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने कवर्धा में लगे कर्फ्यू पर ढील देने के आदेश दिए हैं। कवर्धा शहर के अंदर सभी प्रकार के दुकानों का खुलने का समय सुबह 9 बजे से 3 बजे तक कर दिया गया है। पहले सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक समय निर्धारित था। कलेक्टर ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। पत्रकार वार्ता में कबीरधाम एसपी मोहित गर्ग ने कवर्धा में 3 अक्टूबर और 5 अक्टूबर को हुए उपद्रव, मारपीट और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की पूरी जानकारी दी।
कलेक्टर ने कहा कि शहर के आमजन शाम 5 बजे से 7 बजे तक घर से अपने काम से निकल सकते है। घर से बाहर निकलते समय अपना पहचान पत्र रखना अनिवार्य होगा। शहर की सभी सीमाएं सील रहेगी। चौकसी बरती जाएगी। कलेक्टर ने सोमवार 11 अक्टूबर से कवर्धा शहर के सभी शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थान, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर और बैंकों को खोलने के निर्देश दिए हैं। शासकीय कार्यालय और बैंक अपने निर्धारित समय में खुलेंगे, लेकिन आमजनों के लिए दोपहर 3 बजे तक ही समय निर्धारित किया गया है।