


- सीएम बोले यहां बहुत अच्छा काम हुआ : 3 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत में बना है पाटन का सर्किट हाउस
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज पाटन के सर्किट हाउस का लोकार्पण किया। कुल 3 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से बने सर्किट हाउस की पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने भवन में प्रवेश किया। इसके हॉल में छत्तीसगढ़ का राज्य गीत अरपा पैरी के धार अंकित किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे देखकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने बहुत अच्छा काम किया है। प्रदेश के राज गीत को देखने पर मन में गौरव की भावना आती है।

मुख्यमंत्री ने यहां बैठक कक्ष का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने इस बैठक कक्ष के नामकरण के लिए सुझाव आमंत्रित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हॉल का चाहे जो नाम रखें, लेकिन इसके नामकरण में हमारी मिट्टी की झलक नजर आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्किट हाउस में आप लोगों ने सुंदर कलाकृति लगाई है। ऐसा हमारे परंपरागत घरों में होता है। अपने घरों को हम सुंदर-सुंदर कलाकृतियों से सजाते हैं।

जनपद पंचायत भवन का भी किया लोकार्पण – मुख्यमंत्री ने इस मौके पर जनपद पंचायत भवन का लोकार्पण भी किया। भवन की लागत 1 करोड़ 30 लाख रुपये है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यालयों में नागरिकों के लिए जितनी अधिक सुविधा बढ़ाई जाएगी, उतना ही लोग प्रशासन के करीब होंगे। पहली प्राथमिकता होनी चाहिए कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले नागरिकों का काम जल्द से जल्द हो सके। कार्यालयों में लोगों के लिए बैठने और पेयजल आदि के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध भी होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने जनपद संसाधन केंद्र का लोकार्पण भी किया। जनपद संसाधन केंद्र एक करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से बना है।
एसडीएम कार्यालय का भी किया लोकार्पण – मुख्यमंत्री ने लगभग 80 लाख रुपए की लागत से बने एसडीएम कार्यालय का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पाटन ब्लाक में नया प्रशासनिक कार्यालय बनने से अधिकारियों को सुविधा होगी। यहां आने वाले नागरिकों को भी सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर ओपन कोर्ट का उद्घाटन भी किया। ओपन कोर्ट के स्थापित हो जाने से बैडमिंटन, वॉलीबॉल, क्रिकेट आदि खेलों के लिए युवाओं को काफी सुविधा मिलेगी।
कुर्मी भवन का किया लोकार्पण – मुख्यमंत्री ने कुर्मी भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन सामाजिक जरूरतों के लिए अधिक उपयोगी होगा। पाटन में एक अच्छा भवन उपलब्ध होने से समाज के शादी-ब्याह जैसे कार्यों में सुविधा के साथ ही सामाजिक कार्य के लिए भी सुविधा हो सकेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal