- विधायक ने सभी पेंडिंग कार्यों को 3 माह में पूरा करने निगम अफसरों को दिया अल्टीमेटम

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
विधायक अरुण वोरा ने आज ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट योजना के सभी बचे कार्यों को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने कहा है। महापौर के साथ ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट का निरीक्षण करने पहुंचे वोरा ने कहा कि पिकनिक स्पॉट का काम हर हाल में अगले 3 माह के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। वोरा ने पिकनिक स्पॉट पर किड्स जोन, फूड जोन, वॉकिंग जोन के अलावा गार्डन और पार्किंग स्थल के कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश दिये।

वोरा ने नगर निगम के ईई मोहन पुरी गोस्वामी से कहा कि ठगड़ा बांध को दुर्ग-भिलाई के नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। बांध के बीच बन रहे आईलैंड में लैंड स्केपिंग के साथ ही सौंदर्यीकरण के कार्य किये जाएं। यहां बोटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। आईलैंड को आकर्षक बनाने के लिए यहां एक्वेरियम, आर्टिफिशियल फाउंटेन सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान वोरा ने महापौर धीरज बाकलीवाल को हर सप्ताह पिकनिक स्पॉट योजना की रिपोर्ट लेने और यहां जारी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। महापौर ने वोरा को आश्वस्त करते हुए कहा है कि अगले तीन माह में ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट का निर्माण पूर्ण किया जाएगा। पिकनिक स्पॉट पर आकर्षक लाइटिंग व्यवस्था के साथ ही शानदार गार्डन का निर्माण भी किया जाएगा।
वोरा ने कहा कि यहां हो रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। सौंदर्यीकरण का कार्य उच्च स्तर का होना चाहिए। वोरा ने यहां सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए सभी कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के मौके पर नगर निगम के एल्डरमेन राजेश शर्मा, पूर्व पार्षद विजयंत पटेल, शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री पप्पू श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal