
- एम्प्लाइज प्राविडेंट फंड संगठन और एनएसी छत्तीसगढ़ राज्य की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा
भिलाई। छत्तीसगढ़ के लगभग 90,000 ईपीएस-95 पेंशनर्स की पेंशन संबंधी समस्याओं पर विचार करने और उनके त्वरित निराकरण के उद्देश्य से राष्ट्रीय संघर्ष समिति (एनएसी) छत्तीसगढ़ राज्य और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के मध्य गुरूवार को बैठक हुई। बैठक में पेंशनर्स से संबंधित तमाम मुद्दों पर विचार विमर्श हुआ। विधवा पेंशन अविलंब शुरू करने, नवंबर में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के बाद भी पेंशन का भुगतान रुकने, बैंक एकाउंट नंबर बदलने के कारण पेंशन रुकने जैसे मामलों पर चर्चा की गई।
इस दौरान राष्ट्रीय संघर्ष समिति, छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एल एम सिद्दीकी ने रोष जाहिर करते हुए कहा कि रोज़मर्रा के कई छोटे-छोटे कार्यों में भी महीनों का समय लग रहा है। पेंशनर्स को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है और संतोषजनक उत्तर नहीं दिया जाता। फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं की जाती है। छोटे-छोटे कार्यों के लिये दूरदराज के जिलों से पेंशन कार्यालय तक आना पड़ता है और कई बार लंबी यात्रा और किराया खर्च करके आने के बाद भी काम नहीं होता।
बैंक अकाउंट बदलने या विधवा पेंशन किसी कारण से बंद होने पर दोबारा प्रारंभ कराने या छोटी-मोटी त्रुटियों को सुधारने के लिए भी महीनों का समय लगाया जाता है। उन्होंने वृद्ध पेंशनर्स के कार्यों को शीघ्रता से निपटाने की मांग की ताकि उन्हें कार्यालय तक बार बार न आना पड़े।
बैठक में भविष्य निधि संगठन की ओर से अभिषेक कुमार, भविष्य निधि आयुक्त -1, सुरेंद्र वी आज़ाद, भविष्य निधि आयुक्त-2 और सुरेश ठाकुर लेबर इंस्पेक्टर ने चर्चा में भाग लिया। राष्ट्रीय संघर्ष समिति की ओर से उमेश उपाध्याय, बीजे पटनायक, एजाज़ उर रहमान,आर के वर्मा, आरएल साहू, और एचएन यादव उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal