
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग/ छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग के उपभोक्ताओं और किसानों को गुणवत्तापूर्ण बिजली सप्लाई करने के लिए कई योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। दुर्ग क्षेत्र के विभागीय संभाग बेमेतरा और साजा के अंतर्गत 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्रों छिरहा, सिलघट और पिरदा में पॉवर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर उन्हें क्रियाशील कर दिया गया है।
तीनों उपकेंद्रों में पूर्व से स्थापित 1-1 नग पॉवर ट्रांसफरों की क्षमता 3.15 एम.व्ही.ए. से बढ़ाकर 5 एम.व्ही.ए. किया गया। विद्युत उपकेंद्रों में पॉवर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि का कार्य मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत लगभग 87 लाख रुपए की लागत से संपन्न किया गया। परियोजना संभाग के कार्यपालन अभियंता पी.के.शर्मा ने बताया कि तीनों उपकेंद्रों के पॉवर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने से विद्युत उपकेंद्र छिरहा के अंर्तगत ग्राम छिरहा सहित झांकी, नवांगांव, बिरसिंधी आदि उपकेंद्र, सिलघट के अंतर्गत ग्राम सिलघट सहित कुसमी, बेरला, तारालिम आदि और पिरदा के अंतर्गत ग्राम बारगांव, बेलौदी, जमघट और चेटवा आदि ग्रामों के किसाानों और उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज व ओवर लोडिंग की समस्या से राहत मिलेगी। सभी घरों और पंपों के लिए उच्च गुणवत्ता की बिजली उपलब्ध होगी।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता एम.जामुलकर ने अधीक्षण अभियंता ए.के.गौराहा, कार्यपालन अभियंता(परियोजना) पी.के.शर्मा और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए बताया कि पॉवर कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी उपभोक्ताओं और किसानों तक गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाने के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि पॉवर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने सेे उपभोक्ताओं व किसानों को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal