
- आपसी प्रेम और सदभाव के साथ मिलकर गढ़ेंगे नवा छत्तीसगढ: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत
- राजिम माघी पुन्नी मेले का लौटा पुरातन गौरवशाली स्वरूप

छत्तीसगढ़ के प्रयागराज कहे जाने वाले राजिम में 15 दिनों तक चलने वाले राजिम माघी पुन्नी मेला का विधिवत शुभारंभ कल रात विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने भगवान राजीवलोचन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। पूजा अर्चना के बाद डॉ. महंत महानदी आरती में भी शामिल हुए। इस अवसर पर धर्मस्व मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू, वाणिज्यिक कर एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा, विधायक धनेंद्र साहू, राजिम विधायक अमितेश शुक्ल, रायपुर विकास प्राधिकरण के चेयरमैन सुभाष धुप्पड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि व श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद थे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने राजिम मेला को पुरातन संस्कृति के अनुरूप पुन्नी मेला के रूप में स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू को बधाई दी। डॉ महंत ने कहा कि राज्य के लोगों के आपसी प्रेम और सद्भाव, एकता और भाई-चारे के साथ हम सब मिलकर नवा छत्तीसगढ़ गढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि राजिम माघी पुन्नी मेला हमें आपसी प्यार और सद्भाव का संदेश देता है। इस तीर्थ स्थान में साधु, संत महात्मा के सतसंग और उनके द्वारा दी गई सीख और आशीर्वाद को ग्रहण करना चाहिए। छत्तीसगढ़ में हर चीज बेहतर हो, इसके लिए मिलकर नवा छत्तीसगढ गढ़ना है। उन्होंने आज हुई दुर्घटना में मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि राजिम धर्मस्थल है, यहां 15 दिन शराब बंदी रहेगी। बस्तर के आदिवासियों के पूज्य देवगुड़ी के विकास के लिए 5 लाख रुपए दिए जा रहे हैं। अभनपुर विधायक धनेंद्र साहू ने राजिम माघी पुन्नी मेला की संस्कृति को पुनः स्थापित करने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि मेले के प्राचीन स्वरूप को फिर से स्थापित करने का कार्य किया गया है। राजिम सदियों से महान पवित्र भूमि है। राजिम विधायक अमितेश शुक्ल ने कहा कि यहां आसपास के हजारों लोग पवित्र भूमि में दर्शन करने आते हैं और पुण्य लाभ कमाते हैं। यह मेला आस्था और भक्ति का संगम है। उन्होंने यहां की ऐतिहासिकता की जानकारी दी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राजिम क्षेत्र में मेला के दौरान 15 दिनों के लिए शराब बंदी करने के लिए आभार प्रकट किया।
कलेक्टर नम्रता गांधी ने राजिम माघी पुन्नी मेला के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लेजर शो और सरस मेला यहां का प्रमुख आकर्षण है। यहां श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर गोबरा नवापारा पालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी, पुष्पा जगन्नाथ साहू, रेखा सोनकर, ब्रह्मकुमारी प्रजापति के रवि कर साहेब, नारायण भाई, हेमा और पुष्पा बहन, स्वामी सिद्धेश्वर आनंद महाराज, त्रिभुवन भाई, पुलिस अधीक्षक जे. आर. ठाकुर, वरिष्ठ अधिकारी गण और श्रद्धालु गण मौजूद थे। शुभारंभ अवसर पर लक्ष्मण झूला में राजिम के इतिहास संस्कृति और शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित करता हुआ आकर्षक लेजर शो प्रस्तुत किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal