उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि राजिम धर्मस्थल है, यहां 15 दिन शराब बंदी रहेगी। बस्तर के आदिवासियों के पूज्य देवगुड़ी के विकास के लिए 5 लाख रुपए दिए जा रहे हैं। अभनपुर विधायक धनेंद्र साहू ने राजिम माघी पुन्नी मेला की संस्कृति को पुनः स्थापित करने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि मेले के प्राचीन स्वरूप को फिर से स्थापित करने का कार्य किया गया है। राजिम सदियों से महान पवित्र भूमि है। राजिम विधायक  अमितेश शुक्ल ने कहा कि यहां आसपास के हजारों लोग पवित्र भूमि में दर्शन करने आते हैं और पुण्य लाभ कमाते हैं। यह मेला आस्था और भक्ति का संगम है। उन्होंने यहां की ऐतिहासिकता की जानकारी दी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राजिम क्षेत्र में मेला के दौरान 15 दिनों के लिए शराब बंदी करने के लिए आभार प्रकट किया।

कलेक्टर नम्रता गांधी ने राजिम माघी पुन्नी मेला के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लेजर शो और सरस मेला यहां का प्रमुख आकर्षण है। यहां श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर गोबरा नवापारा पालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी, पुष्पा जगन्नाथ साहू, रेखा सोनकर, ब्रह्मकुमारी प्रजापति के रवि कर साहेब, नारायण भाई, हेमा और पुष्पा बहन, स्वामी सिद्धेश्वर आनंद महाराज, त्रिभुवन भाई, पुलिस अधीक्षक जे. आर. ठाकुर, वरिष्ठ अधिकारी गण और श्रद्धालु गण मौजूद थे। शुभारंभ अवसर पर लक्ष्मण झूला में राजिम के इतिहास संस्कृति और शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित करता हुआ आकर्षक लेजर शो प्रस्तुत किया गया।