- भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ के थाना और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
- मुख्यमंत्री व गृह मंत्री ने दी बधाई और शुभकामनाएं
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ के राज्य पुलिस अकादमी, चन्दखुरी, पुलिस प्रशिक्षण राजनांदगांव और एक पुलिस थाना सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को विभिन्न पुरस्कारों, पदक व ट्राफी-मैडल से नवाजा गया है। यह पुरस्कार संबंधित संस्थाओं और पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को अलग-अलग वर्षों में उनके उत्कृष्ट कार्य और सेवाओं के लिए प्रदाय किया गया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा पुरस्कार से नवाजे गए राज्य के सभी पुलिस अधिकारियों-कर्मियों को बधा-शुभकामनाएं दी है। केन्द्र सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा नेताजी सुभाष चंन्द्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चन्दखुरी को राजपत्रित अधिकारियों के प्रशिक्षण हेतु वर्ष 2019-20 के लिए और पुलिस प्रशिक्षण राजनांदगांव को नव आरक्षकों के प्रशिक्षण के लिए वर्ष 2019-20 व 2020-21 के लिए यूनियन होम मिनिस्टर ट्रॉफी दी गई है।
इसी तरह गायत्री सिंह, नजमुस साकिब और चित्रसेन सिंह खरसन को वर्ष 2019 के लिए ‘‘असाधारण आसूचना कुशल पदक’’ प्रदान किया गया है। राम श्रृंगार यादव और केसरी नंदन को वर्ष 2021 के लिए ‘‘असाधारण आसूचना कुशलता पदक’’ प्रदान किया गया है। थाना झिलमिली जिला सूरजपुर को ‘‘उत्कृष्ट थाना सम्मान 2020’’ प्रदान किया गया है, जो पूरे देश में चौथे स्थान पर रहा। छत्तीसगढ़ पुलिस के 6 अधिकारियों-कर्मचारियों को वर्ष 2019-20 के लिए और 8 अधिकारियों-कर्मचारियों को 2020-21 के लिए यूनियन होम मिनिस्टर मैडल पुरस्कार दिया गया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal