Breaking News

पुरानी पेंशन बहाल : मुख्यमंत्री की घोषणा से सरकारी दफ्तरों में उड़ने लगे गुलाल

  • पुरानी पेंशन बहाली योजना के मुख्यमंत्री के निर्णय के बाद अधिकारी कर्मचारियों में अपार हर्ष
  • कलेक्ट्रेट परिसर तथा अन्य विभागों में कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति जताया आभार, कहा यह बेहद महत्वपूर्ण निर्णय
  • कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों ने भी किया स्वागत

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

दुर्ग / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज विधानसभा में पुरानी पेंशन बहाली योजना की घोषणा कर दी। इसकी घोषणा होते ही सीपीएस के दायरे में रहे सभी अधिकारी-कर्मचारियों में उल्लास और उत्सव का माहौल शुरू हो गया। कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारी, कर्मचारियों ने यह समाचार सुनते ही खुशी जताई और मुख्यमंत्री के इस निर्णय के प्रति आभार जताया। छग अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे से भेंट कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस निर्णय के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।

फेडरेशन के प्रांतीय सचिव राजेश चटर्जी ने कहा कि अभी होली में कुछ दिन बाकी हैं पर सरकार के इस निर्णय से होली जैसा उत्साह अभी से आ गया। दुर्ग जिला राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष विपिन जैन ने कहा कि यह बहुत स्वागत योग्य निर्णय है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस निर्णय से अब तक सीपीएस के दायरे में रहे अधिकारी-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ मिलेगा। अधिकारी-कर्मचारियों की यह चिंता मुख्यमंत्री ने दूर की है। हम उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं।

संघ के सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी संघ के दुर्ग के संयोजक  विजय लहरे ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन बहाली से अधिकारी, कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद की चिंता दूर हो सकेगी। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से अधिकारी-कर्मचारियों में खुशी है। इस संबंध में चर्चा करने पर एडीएम न्यायालय में कार्य कर रही ऐश्वर्या ने बताया कि वह इस निर्णय से बहुत खुश हैं। शासन की पुरानी पेंशन योजना में एकमुश्त राशि आने से लोगों को सेवानिवृत्ति के बाद चिंता नहीं होती, क्योंकि पुरानी पेंशन का निर्धारण इसी दृष्टि से किया गया था कि पेंशन की राशि में किसी तरह का उतार-चढ़ाव ना हो सके।

छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री सैय्यद असलम ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा बजट में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की घोषणा को कर्मचारी हित मे लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताया है। असलम ने कहा कि यह कर्मचारी, अधिकारी संघर्ष मोर्चे की जीत है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसानों, महिलाओं, मजदूर और छात्रों के साथ ही कर्मचारियों के लिए बेहद संवेदनशील हैं। असलम ने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शीघ्र ही महंगाई भत्ता सहित वेतन विसंगति दूर करने का ऐतिहासिक निर्णय भी लेंगे।

स्वेच्छानुदान शाखा में कार्य कर रहे राम गोपाल साहू ने कहा कि सीपीएस में जो राशि पेंशन के रूप में प्राप्त होती है, वह सेवा काल की अवधि पर निर्भर होती है। जिन लोगों ने शासकीय सेवा बहुत देर से ज्वाइन की, उनके लिए इसमें काफी कम पेंशन की गुंजाइश बनती है। पुरानी पेंशन बहाल होने से अब यह दिक्कत दूर हो जाएगी। वित्त शाखा में कार्य कर रहे ऐश्वर्य देवांगन ने बताया कि पुरानी पेंशन पद्धति में निश्चित राशि पेंशन के रूप में प्राप्त होती है, जिससे सेवानिवृत्ति के पश्चात किसी तरह के वित्तीय प्रबंधन की चिंता करने की जरूरत कर्मचारियों को नहीं होती और वह अपने बच्चों पर की पढ़ाई लिखाई पर अधिक निवेश कर सकते हैं। संयुक्त कलेक्टर मुकेश रावटे ने भी इस निर्णय की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। पुरानी पेंशन बहाली से सभी अधिकारी, कर्मचारियों की चिंता दूर हुई है।

Check Also

गंगरेल के ठेमली द्वीप पर बसा रोमांच का नया संसार, शुरू हुआ आइलैंड कैंपसाइट

एडवेंचर, नेचर और कम्युनिटी टूरिज्म के संगम से पर्यटन को मिली नई दिशा विभिन्न राज्यों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!