Breaking News

कांट्रैक्टर की लापरवाही से रोड पर उड़ रहे धूल के गुबार : पुलगांव वार्ड के नागरिक, व्यवसायी त्रस्त : रोज हो रही दुर्घटना

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

रोड निर्माण के कार्यों में ठेकेदार की मनमानी और लापरवाही के कारण सड़कों पर धूल के गुबार उड़ रहे हैं। हाल ये है कि ठेकेदार रोज सड़क पर धूल उड़ा रहा है और रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है। पीडब्लूडी के अफसरों की इतनी मजाल नहीं है कि ठेकेदार को धूल न उड़ाने के लिए जरूरी व्यवस्था करने कोई निर्देश दे सकें। वजह ये है कि ठेकेदार कोई और नहीं बल्कि बेमेतरा विधायक का भाई है और … विधायक पीडब्लूडी मंत्री के खास हैं।

कुल जमा सवा सौ करोड़ रुपए के दो ठेके लेकर कांट्रैक्टर द्वारा शहर के भीतरी हिस्सों में बेतरतीबी से सड़क उन्नयन कार्य का रायता फैलाने के बाद अब पुलगांव इलाके में धूल उड़ाने का काम किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान दिन भर उड़ती धूल के कारण राजनांदगांव रोड पर आने-जाने वाले नागरिक परेशान हैं। सुरक्षा मापदंडों का पालन किये बिना निर्माण होने यहां अक्सर दुर्घटनाएं हो रही हैं। अभी दो दिनों पहले इसी पुलगांव में इसी सड़क पर हादसे में एक युवक की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद कांट्रैक्टर पर कोई असर नहीं है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई बार रोड निर्माण का काम कराने वाले सुपरवाइजरों से कहा गया है कि पानी का नियमित छिड़काव करें, ताकि धूल न उड़े, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। दिन भर धूल उड़ने से सड़क पर आवाजाही करने वाले लोगों के अलावा स्थानीय पुलगांव वार्ड के निवासी भी परेशान हैं। सड़क के आसपास रहने वाले नागरिकों को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। रोड के किनारे बने व्यवसायिक संस्थानों, दुकानों में भी धूल के गुबार उड़ रहे हैं। आम जनता की परेशानी जानने के बावजूद पीडब्लूडी के अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं।

मंत्री, विधायक और ठेकेदार के गठबंधन से दुर्ग की जनता त्रस्त 

तीनों के इस गठबंधन से सबसे ज्यादा दुर्ग की आम जनता को परेशानी हो रही है। दुर्ग शहर में टेढ़ी मेढ़ी, डिजाइनर नालियां बनाने के साथ ही बेतरतीबी से रोड निर्माण कार्य के कारण नेहरू नगर चौक से पुलगांव चौक तक बिना प्लानिंग किये जगह जगह खोदाई कर दी गई है। सड़क के किसी भी हिस्से में मुकम्मल काम नहीं किया गया है। हर जगह आधा अधूरा काम करने के बाद छोड़ दिया गया है। इससे नागरिकों की परेशानी बढ़ गई है।

Check Also

यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस में आग लगने से हुई मौतों पर सीएम साय ने व्यक्त किया गहरा शोक

THE CG NEWS रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस वे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!