- क्रिकेटर हरभजन सिंह भी बनेंगे राज्यसभा सांसद : स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की कमान भी हरभजन को मिलने के आसार
आप पार्टी ने छत्तीसगढ़ के डॉ. संदीप पाठक को पंजाब से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। मुंगेली जिले के लोरमी के रहने वाले डॉ पाठक आईआईआईटी दिल्ली में प्रोफेसर हैं। आप पार्टी के ऐलान के बाद डॉ. संदीप के छत्तीसगढ़ स्थित घर में जश्न का माहौल है। संदीप के परिवार के सदस्य बटहा गांव में रहते हैं। संदीप के नाम की घोषणा के बाद से गांव में जश्न का माहौल है। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी जा रही है।
आप पार्टी ने राज्यसभा के लिए तीन नामों का ऐलान कर दिया है। इसमें पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, पंजाब के सह प्रभारी राघव चढ्ढा और आईआईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर डा. संदीप पाठक शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार हरभजन सिंह को लुधियाना में खुलने वाले स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की कमान भी सौंपी जा सकती है।
पंजाब से राज्यसभा की 7 में 5 सीटों पर राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल 9 अप्रैल को खत्म होने वाला है। 21 मार्च को राज्यसभा सीटों पर नामांकन की अंतिम तारीख है। 31 मार्च को राज्य में राज्यसभा के लिए चुनाव होंगे। इस बार आप पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव में 117 में से 92 सीटें जीतीं हैं। माना जा रहा है कि सूबे की 7 में से 6 राज्यसभा सीट आप पार्टी के खाते में जा सकती हैं।

किसान परिवार के संदीप कैंब्रिज से पीएचडी कर भारत लौटे
बटहा में रहने वाले किसान शिवकुमार पाठक के बड़े पुत्र संदीप पाठक की प्राइमरी शिक्षा लोरमी गांव में हुई है। एमएससी तक बिलासपुर में पढ़ाई के बाद वे हैदराबाद और इसके बाद करीब 6 साल ब्रिटेन में रहकर पढ़ाई करते रहे। कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से पीएचडी करने के बाद वे भारत लौटे। डा संदीप ने काफी समय तक प्रशांत किशोर की टीम में रहकर दिल्ली चुनाव के लिए काम किया था। बाद में वे अरविंद केजरीवाल के सलाहकार टीम में जुड़ गए। पंजाब में आपकी सरकार बनानें में पर्दे के पीछे रहकर रणनीति बनाने में भी संदीप की भूमिका रही है। वे काफी समय से पंजाब में आम आदमी पार्टी का संगठन मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
