द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मार्च का महीना समाप्त नहीं हुआ है लेकिन, ठगड़ा बांध पूरी तरह सूख चुका है। वजह ये है कि यहां पिकनिक स्पॉट सौंदर्यीकरण कार्य के कारण पहले ही पानी खाली कराया जा चुका है। शहर के कई तालाब गर्मी बढ़ने के साथ ही सूखने लगे हैं। इसका असर ये हुआ है कि ठगड़ा बांध सहित अन्य तालाबों के आसपास के वार्डों में बोर का जल स्तर नीचे गिरने लगा है। कई जगह तो बोर से पानी ही नहीं मिल रहा है। विडंबना ये है कि शहर के तालाबों को भरने के लिए नगर निगम ने अभी तक सिंचाई विभाग को पत्र ही नहीं भेजा है।

निगम क्षेत्र में 24 तालाब हैं। पटरीपार व दीपक नगर तालाब का वाटर लेवल लगातार कम होने के कारण आम जनता को निस्तारी के संकट से जूझना पड़ रहा है। ठगड़ा बांध के सूखने से आसपास के 10 वार्डों में बोर का लेवल डाऊन है। 15 मार्च को महापौर धीरज बाकलीवाल के साथ हुई जोनवार बैठक में एल्डरमेन राजेश शर्मा ने इस मामले को जोरशोर से उठाते हुए ठगड़ा बांध सहित शहर के तालाबों को भरने की व्यवस्था का मुद्दा उठाया था।
इसके बावजूद निगम के जल कार्य विभाग ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। सिंचाई विभाग ने भी नहर नाली की सफाई नहीं कराई है। अधिकांश जगहों पर नहर-नाली में गंदगी है। नहर नाली की सफाई में ही काफी वक्त लगेगा। इसके बाद ही खरखरा बांध से पानी छोड़कर तालाबों को भरा जा सकेगा। एल्डरमेन राजेश शर्मा ने कहा है कि निगम और सिंचाई विभाग की इस चूक से बड़ी आबादी को परेशानी हो रही है। यह कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाना चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal