Breaking News

सीएम भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की मौजूदगी में खैरागढ़ की कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा ने दाखिल किया नामांकन

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

खैरागढ़ उप चुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार यशोदा वर्मा ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए बुधवार को अपना नामांकन पत्र जमा कर दिया। नामांकन के लिए राजनांदगांव के बाबा फतेह सिंह हॉल से जुलूस निकला। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत, आबकारी मंत्री कवासी लखमा सहित कई मंत्री, पदाधिकारी और नेता शामिल हुए। कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा ने जिला पंचायत के सभागार में रिटर्निंग आफिसर लोकेश चंद्राकर के समक्ष नामांकन जमा किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम मौजूद थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बाबा फतेह सिंह हॉल में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले तीन सालों में गांव-गरीब को मजबूत करने के लिए ही काम किया है। इसी की बदौलत पिछले तीन विधानसभा उपचुनाव और नगरीय निकाय चुनावों में पार्टी को विजय मिली। मतदाताओं का साथ मिला। कार्यकर्ताओं की मेहनत और लोगों के समर्थन से कांग्रेस यह उप चुनाव भी जीतेगी। बाद में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के उम्मीदवार कोमल जंघेल को पिटा हुआ चेहरा बताया। बघेल ने कहा कि उनकी पार्टी सरकार के कामकाज के आधार पर वोट मांगेगी। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है।

कांग्रेस ने मंगलवार को ही खैरागढ़ उप चुनाव के लिए ब्लॉक कांग्रेस की अध्यक्ष यशोदा वर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। यशोदा वर्मा राजनांदगांव जिला पंचायत की पूर्व सदस्य हैं। वे जनपद पंचायत की सदस्य और ग्राम पंचायत की सरपंच रह चुकी हैं। भारतीय जनता पार्टी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने बुधवार को उम्मीदवार घोषित कर दिए। भाजपा ने खैरागढ़ के पूर्व विधायक कोमल जंघेल को टिकट दिया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह के बहनोई नरेंद्र सोनी को उम्मीदवार बनाया है। दोनों का नामांकन जुलूस गुरुवार को निकलेगा।

आपको बता दें कि 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के देवव्रत सिंह ने भाजपा के कोमल जंघेल को 870 वोटों के अंतर से हराया था। नवम्बर 2021 में देवव्रत सिंह का निधन होने के बाद से यह सीट खाली है। 2013 में कांग्रेस के गिरवर जंघेल यहां से विधायक थे। 2007 के उपचुनाव और 2008 के आम चुनाव में भाजपा के कोमल जंघेल ने यह सीट जीती। इससे पहले कांग्रेस के देवव्रत सिंह यहां से विधायक चुने गए थे।

24 मार्च तक नामांकन, 12 अप्रैल को होगा मतदान

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनसार उप चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 24 मार्च तय की गई है। 25 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 28 मार्च तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकते हैं। इसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किये जाएंगे। मतदान 12 अप्रैल को होगा जबकि 16 अप्रैल को मतगणना के बाद परिणाम जारी होंगे।

 

Check Also

रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

रायपुर के इंडोर स्टेडियम में लगेगा मेला, युवाओं को मुख्यमंत्री के हाथों मिलेंगे ऑफर लेटर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!