द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चक्रवाती बारिश को देखते हुए सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और नगरीय निकायों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन के सभी उपाय सुनिश्चित करने कहा है। अंदरूनी ओडिशा के ऊपर और चक्रीय चक्रवात का घेरा ज्यादा प्रबल होने के कारण प्रदेश में सरगुजा संभाग को छोड़कर शेष संभागो के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी जिला कलेक्टरों को प्रदेश में हो रही लगातार बारिश को देखते हुए संभावित प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव के उपायों की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव और बाढ़ की स्थिति में किसी भी तरह की विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए। लोगों के बचाव और राहत पहुंचाने की सभी तैयारी होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने निचले और संभावित प्रभावित इलाकों में आपदा प्रबंधन दल को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावितों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने और इसकी जानकारी नियमित रूप से कंट्रोल रूम में देने के निर्देश दिये। जलभराव और बाढ़ की स्थिति निर्मित होने की संभावना वाले स्थानों पर पूर्व से ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों से कहा है कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में नजदीक के भवनों में अस्थायी राहत शिविर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा मोचन बल सहित प्रभावित जिलों के जिला पुलिस बल, होमगार्ड, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत विभाग, लोक निर्माण, खाद्य विभाग, नगरीय निकायों आदि के अधिकारियों को भी सचेत और सतर्क रहने कहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
