- स्थिति पर नजर रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज के लिए निगम अमले को दिए निर्देश
- वाटर पंप लगाकर ड्रेन किया गया पानी
द सीजी न्यूज
दुर्ग-भिलाई/ आज सुबह तेज बारिश के कारण भिलाई निगम क्षेत्र का हाल बेहाल हो गया। कोसा नगर, राधिका नगर, नेहरू नगर, फरीद नगर सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा और एसपी डॉ अभिषेक पल्लव पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद निगम अमले के साथ ही नागरिकों से भी फीडबैक लिया। अत्याधिक बारिश की वजह से कोसा नाला पूरे फ्लो में होने के कारण कई इलाकों में पानी भर गया। हालत इतनी बदतर थी कि निगम अमले को वाटर पंप के माध्यम से पानी निकासी की व्यवस्था करनी पड़ी।
24 घंटे अलर्ट मोड में रहें जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम : वोरा
इधर, दुर्ग के विधायक अरुण वोरा बारिश के हालात का जायजा लेने दिन भर सक्रिय रहे। वोरा ने सुबह कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा से चर्चा के बाद शाम को दोबारा बारिश के कारण उपजे हालात पर चर्चा की। वोरा ने कहा कि चक्रवाती वर्षा की संभावना जताते हुए खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अलर्ट रहने के निर्देश दिये हैं। रात में तेज बारिश होने पर स्थिति बिगड़ने से बचाने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित होनी चाहिए। नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखना आवश्यक है। जलभराव वाले इलाकों में पानी निकासी के लिए नगर निगम की टीम के साथ ही आपदा प्रबंधन की टीम 24 घंटे अलर्ट रहे, ताकि नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। वोरा ने कहा कि नागरिकों को तत्काल राहत देने के उपाय किये जाएं। इसके लिए जरूरी तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाए।
बारिश के मद्देनजर स्थिति पर पैनी नजर रखें : कलेक्टर

कलेक्टर ने जिला प्रशासन व नगर निगम के अफसरों को बारिश के मद्देनजर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर ने जलस्तर बढ़ने की स्थिति में ड्रेनेज के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को राहत शिविरों में ले जाने की तैयारी रखने कहा है। राहत शिविर में मेडिकल टीम व खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित रहे। कलेक्टर ने निगम अमले से पूरे समय अलर्ट रहने कहा है। भिलाई नगर निगम के आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने बताया कि निगम अमला लगातार फील्ड में तैनात है और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। लगातार एक्टिव मोड में रहकर आपात स्थिति से निपटने के लिए निगम अमला पूरी तरह से तैयार है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

