Breaking News

सीएम भूपेश बघेल ने सचिन पायलट सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ किया मंथन : हिमाचल प्रदेश चुनाव जीतने की रणनीति बनी

द सीजी न्यूज 

आज दिल्ली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट और पंजाब के वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। पांच घंटे तक चली बैठक में हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति बनाने पर मंथन किया गया। दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में हुई बैठक में राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला भी मौजूद रहे।

कांग्रेस आलाकमान ने सीएम भूपेश बघेल को हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक बनाया है। सचिन पायलट को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। सचिन पायलट चुनावों के लिए रणनीति बनाएंगे और कांग्रेस आलाकमान को रिपोर्ट करेंगे। पायलट के साथ पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा को भी अटैच किया गया है। हिमाचल प्रदेश भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का गृह राज्य है। कांग्रेस यहां भाजपा के किले में सेंध लगाना चाहती है।

यही वजह है कि कांग्रेस आलाकमान ने भूपेश बघेल को वरिष्ठ पर्यवेक्षक और सचिन पायलट को पर्यवेक्षक बनाया है। हिमाचल प्रदेश में हर पांच साल बाद सरकार बदलने का ट्रेंड रहा है। कांग्रेस पार्टी इसी ट्रेंड के भरोसे हिमाचल प्रदेश का चुनाव जीतने की तैयारी में जुटी है। बैठक में शामिल राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष खिमीराम और महिला मोर्चा की नेता इंदु वर्मा को पार्टी में शामिल कराकर भाजपा को तगड़ा झटका दिया है। साफ जाहिर है कि चुनाव जीतने की रणनीति तय करने में राजीव शुक्ला भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।  

बैठक में तय किया गया है कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान की तर्ज पर हिमाचल में भी पुरानी पेंशन बहाली को प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा। भूपेश बघेल 7 और 8 अगस्त को शिमला में रहेंगे। कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में हुए भर्ती घोटालों को उजागर करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे भी जनता के बीच ले जाने की रणनीति बनाई गई। बागवानों-किसानों, युवाओं और महिला वर्ग से जुड़े मुद्दे भी कांग्रेस के अहम हथियार होंगे।

Check Also

जेआरडी स्कूल में बनेगा 270 सीटर ऑडिटोरियम

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से ऐतिहासिक स्कूल का होगा संरक्षण THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!