द सीजी न्यूज
महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस 5 अगस्त को राजभवन का घेराव करेगी। प्रदर्शन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस के नेताओं-कार्यकर्ता को प्रदेश भर के ब्लॉक-जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर गिरफ्तारी देने कहा गया है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि पांच अगस्त को सुबह 11 बजे से रायपुर के आम्बेडकर चौक पर धरना प्रदर्शन शुरू हो जाएगा। इसके बाद कांग्रेस संगठन के कार्यकर्ता राजभवन का घेराव करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे। राजभवन घेराव में सभी विधायक, पूर्व सांसद व वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस दौरान सामूहिक गिरफ्तारी दी जाएगी।
लोकसभा और राज्यसभा के सांसद दिल्ली में संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च करते हुए महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे। दिल्ली में कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री आवास घेराव करेगी। इसमें कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देश में महंगाई रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। पेट्रोल, एलपीजी से लेकर दालें, कुकिंग ऑयल जैसी जरूरी चीजों की बढ़ी कीमतों ने आम लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। पैकेज्ड अनाज, आटा, शहद, दही जैसी आवश्यक वस्तुओं पर अतार्किक ढंग से जीएसटी लगाने के कारण महंगाई और बढ़ी है।
देश में बेरोजगारी भी अप्रत्याशित रूप से आसमान छू रही है। गांवों, शहरों, संगठित क्षेत्र, असंगठित क्षेत्र में हर जगह बेरोजगारी ने विकराल रूप धारण कर रखा है। कांग्रेस पार्टी सदन से सड़क तक केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और रिकार्ड तोड़ महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी।
दुर्ग में सुबह 11 बजे से प्रदर्शन
दुर्ग में 5 अगस्त को सुबह 11 बजे से हिंदी भवन के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस प्रवक्ता सुशील भारद्वाज ने बताया कि प्रदर्शन में विधायक अरुण वोरा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, महापौर धीरज बाकलीवाल, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता शामिल होंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
