द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान आज नव निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य मुलाक़ात की। इससे पहले शुक्रवार को रायपुर में महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ राजभवन घेरने के बाद सीएम भूपेश बघेल दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। शाम को भूपेश बघेल दिल्ली के किंग्सवे कैंप पहुंचे। यहां पुलिस द्वारा राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, दिग्विजय सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेताओं को डिटेन करके रखा गया था। कांग्रेस नेताओं के बीच सीएम भूपेश बघेल भी बैठ गए। इस दौरान उनके बीच सियासी चर्चा भी हुई।
सीएम भूपेश बघेल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर #महंगाई_पर_हल्ला_बोल हैशटेग करते हुए लिखा- दिल्ली के किंग्सवे कैंप पहुंचा हूं। यहां हमारे नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस सांसदों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने डिटेन कर रखा है। हमारे नेताओं का गुनाह बस इतना है कि उन्होंने कह दिया, ‘बहुत हुई महंगाई की मार’।
हम डरने और पीछे हटने वाले नहीं: बघेल
दिल्ली जाने से पहले सीएम भूपेश बघेल ने रायपुर में केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी बेतहाशा बढ़ रही है। महंगाई से आम जनता परेशान है और केंद्र का कोई नियंत्रण नहीं है। हम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते हैं, इसलिए हमें परेशान किया जाता है। हम डरने और पीछे हटने वाले लोगों में से नहीं है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस के दाम बढ़ गए। अब खाद्य पदार्थों में जीएसटी लगा रहे हैं। गृहस्थी का बजट गड़बड़ा गया है। आम जनता परेशान है। अग्निपथ स्कीम से युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
