द सीजी न्यूज
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार 19 सितंबर को आईआईटी भिलाई के नए निदेशक के रूप में प्रोफेसर राजीव प्रकाश की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। प्रो. प्रकाश ने अपनी पीएचडी टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च मुंबई से की है। प्रो. प्रकाश आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी में मैटेरियल्स साइंस एंड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट के प्रोफेसर हैं, जहां उन्होंने डीन (आरएंडडी) के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने सात वर्ष एक वैज्ञानिक के रूप में सीएसआईआर (आईआईटीआर, लखनऊ) में भी कार्य किया है।
प्रोफेसर प्रकाश ने संस्थापक निदेशक, प्रोफेसर रजत मूना का स्थान लिया, जिन्हें आईआईटी भिलाई में पांच साल के सफल कार्यकाल के बाद आईआईटी गांधीनगर के नए निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है। प्रोफेसर मूना के नेतृत्व में, आईआईटी भिलाई में शिक्षा और अनुसंधान में अत्यधिक वृद्धि हुई है। वर्तमान प्रवेश प्रक्रिया के अंत तक छात्र संख्या 115 से बढ़कर लगभग 900 हो गई है और इस अवधि के दौरान करीब 500 शोध पत्र प्रकाशित हुए हैं। दुर्ग जिले के कुटेलभाटा में अत्याधुनिक परिसर पूरा होने के करीब है और जल्द ही शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के लिए तैयार हो जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
