- वोरा बोले – विकास कार्य होने पर शहर की सड़कों को गड्ढों से मुक्ति मिलेगी, समयसीमा में पूरे होने चाहिए विकास कार्य
द सीजी न्यूज
अगस्त माह में समीक्षा बैठक के एक माह बाद आज विधायक अरुण वोरा ने नगर निगम के महापौर धीरज बाकलीवाल और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे से शहर के विकास कार्यों को लेकर जवाब मांगा। बैठक में अफसरों ने बताया कि बरसात की समाप्ति होने पर जल्द ही 7 करोड़ की राशि से 60 वार्डों में डामरीकरण और सीमेंटीकरण कार्य कराए जाएंगे। इससे जर्जर सड़कों पर गड्ढों से मुक्ति मिलेगी। नाली निर्माण के कार्य भी कराए जाएंगे। स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। ठगड़ाबांध सौदर्यीकरण के लिए शेष राशि हेतु प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास में आबंटन की तैयारी व पेयजल आपूर्ति में हो रही बाधा का निराकरण करने हेतु नाला डायवर्सन व वाल्व और पम्प के कार्य भी जारी हैं। बैठक में विधायक वोरा ने निगम के कार्यपालन अभियंता प्रमोद दुबे और प्रभारी कार्यपालन अभियंता शंकरदयाल शर्मा से कहा है कि 60 वार्डों के पार्षदों व जनता से मिलकर मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का निराकरण समयसीमा में करें। जनहितैषी कार्य समयसीमा में हो जाएं, इसका ध्यान रखा जाए। निगम कार्यालय में आने वाली शिकायतों का निदान तत्काल करें। इसके लिए नागरिकों को भटकाव की स्थिति नहीं आनी चाहिए। एक माह बाद पुन: विकास कार्यो की समीक्षा करते हुए जवाबदेही तय की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
