- पहली बार छत्तीसगढ़ी खेलों का राज्यभर में आयोजन
- गांव से लेकर शहर तक, युवाओं से लेकर बुजुर्ग तक होंगे प्रतिभागी
- राजधानी के इंडोर स्टेडियम में होगा शुभारंभ समारोह
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे बुढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल करेंगे। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में 14 प्रकार के पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। पारंपरिक खेलों की यह प्रतियोगिता गांव से लेकर राज्य स्तर तक 6 स्तरों पर होगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेलों को भी तवज्जो देने और लोगों में खेल के प्रति जागरूकता लाने के लिए शुरू किए गए छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के आयोजन से ग्रामीण अंचलों का खेल अब गांवों से निकलकर शहरों तक पहुंचेगा। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक की शुरूआत राजीव युवा मितान क्लब स्तर से शुरू होगी। इसके बाद जोन स्तर, फिर विकासखंड, नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंत में राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इस प्रतियोगिता में युवा से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हो सकते हैं।
यह प्रतियोगिता 6 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 6 जनवरी 2023 तक होगी। पुरूषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग स्पर्धा के साथ ही टीम और एकल स्तर पर प्रतियोगिताएं होगी। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में पारम्परिक खेल प्रतियोगिताएं दो श्रेणी में होंगी। इसमें दलीय श्रेणी गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी खेल विधाएं शामिल की गई हैं। एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लम्बी कूद शामिल है।
राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में उद्घाटन अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टी.एस. सिंहदेव, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्रकुमार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अमरजीत भगत, लोकसभा सांसद सुनील सोनी, संसदीय सचिव द्वय पारसनाथ राजवाडे और विकास उपाध्याय के साथ ही विधायक सत्यनारायण शर्मा, बृजमोहन अग्रवाल, कुलदीप जुनेजा, महापौर एजाज ढेबर, जिला पंचायत अध्यक्ष डोमेश्वरी वर्मा और अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग जितेन्द्र मुदलियार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
