- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और खेल मंत्री उमेश पटेल ने दी बधाई
- वुमेंस सिंगल्स बैडमिंटन में महाराष्ट्र की मालविका बंसोड़ को 21-8, 22-20 से हराया
द सीजी न्यूज


छत्तीसगढ़ की उभरती बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षी कश्यप् ने गुजरात में चल रहें 36 वे नेशनल गेम में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ को गोल्ड मैडल दिलाया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस स्वर्णिम उपलब्धि के लिए आकर्षी कश्यप को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आकर्षी ने छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल ने भी आकर्षी को बधाई देते हुए कहा कि आकर्षी ने संघर्षपूर्ण फाइनल मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ को गोल्ड मैडल दिलाया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और खेल मंत्री उमेश पटेल ने आकर्षी कश्यप के उज्जवल भविष्य की कामना की है।
सूरत के दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में चल रही बैडमिंटन की वुमेंस सिंगल्स के फायनल मुकाबले में आकर्षी ने पहली वरीयता प्राप्त महाराष्ट्र की मालविका बंसोड़ को 44 मिनट के संघर्ष में हराकर विजेता का खिताब हासिल की। आकर्षी ने पहला सेट आसानी से 21-8 से जीत लिया। दूसरे सेट में हुए संघर्षपूर्ण मुक़ाबले मे आकर्षी ने 22-20 से जीतकर छत्तीसगढ़ को दूसरा गोल्ड मेडल दिलाने में कामयाब रही। इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में आकर्षी ने कर्नाटक की तान्या हेमंत को 21-13, 21-15 से हराकर जीत हासिल की थी।
गुजरात में आयोजित 36 वें राष्ट्रीय खेल में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अब तक 7 मेडल जीत चुके हैं। जिसमें दो गोल्ड, 3 सिल्वर और दो कांस्य पदक शामिल है। प्रतियोगिता में आकर्षी कश्यप से पहले स्केटिंग स्पर्धा में अमितेष मिश्रा गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। आकर्षी के गोल्ड मैडल जीतने पर राज्य बैडमिंटन संघ के समस्त पदाधिकारियों और खेल संचालक श्वेता सिन्हा ने भी बधाई और शुभकामनाएं दी है। आकर्षी ने अपनी इस विजय के बाद आकर्षी ने छग शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छग ओलंपिक संघ, छग बैडमिंटन संघ के प्रति आभार व्यक्त किया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
