द सीजी न्यूज
दुर्ग/ बारिश से खराब हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा करने के संबंध में कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने पीडब्लूडी अधिकारियों को निर्देशि दिये हैं। उन्होंने कहा कि इस बार काफी बारिश हुई है जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनकी शीघ्र मरम्मत कराएं। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि शीघ्र ही सारी सड़क दुरुस्त कर ली जाएंगी। कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन आदि क्षतिग्रस्त न हों, इस बात का खास ध्यान रखें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन भी मौजूद रहे।
डेंगू जैसी बीमारियों पर रहें अलर्ट –
कलेक्टर ने कहा कि सभी विभागों में बुनियादी सुविधाओं के लिए काफी काम किया गया है। इसका लाभ सबको मिलता रहे, इसकी मानिटरिंग करते रहने की जरूरत है। कलेक्टर ने इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला अस्पताल और पाटन में हमर लैब के माध्यम से निःशुल्क जांच की जा रही हैं। जांच रिपोर्ट मिलने पर बीमारियों का उपचार आरंभिक रूप में ही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अन्य बीमारियों के चिन्हांकन के लिए भी लगातार सर्वे करते रहें। डेंगू जैसी बीमारियों के लिए पूरी तरह अलर्ट रहें।
स्कूलों में जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने कहा कि स्कूल में लैब आदि की अच्छी सुविधा होनी चाहिए। स्कूल में बुनियादी अधोसंरचना से संबंधी सभी काम पूरे होने चाहिए। जहां अतिरिक्त कक्ष की जरूरत है, वहां प्रस्ताव भेजें। शासन ने जीर्णाेद्धार के लिए फंड दिया है। यह सुनिश्चित करें कि कोई भी स्कूल ऐसा न रहे, जहां रिनोवेशन की जरूरत है, लेकिन इसका प्रस्ताव नहीं बनाया गया हो।
वोरा भी दे चुके हैं सड़कों की मरम्मत करने के निर्देश
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने पीडब्लूडी अफसरों के साथ ही नगर निगम के अफसरों को शहर की सड़कों पर गड्ढे भरने के निर्देश दिये हैं। वोरा ने कहा कि जहां सड़क डामरीकरण या सीमेंटीकरण के कार्य मंजूर हुए हैं, वहां अविलंब कार्य पूरा किया जाए। मरम्मत योग्य सड़कों की मरम्मत का काम भी तत्काल होना चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
